August 23, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

साइबर जागृति शिविर में छात्रों और ग्रामीणों को फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचने के बताए उपाय
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  कोरबा। आधुनिक तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराध का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। इसी को देखते हुए लोगों को साइबर ठगी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 21 अगस्त 2026 को पोड़ीउपरोड़ा ब्लॉक के दूरस्थ वनांचल स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिमगा में संकुल स्तरीय साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह की पहल और पुलिस विभाग के सहयोग से आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं के साथ ग्रामीणों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई।
साइबर अपराध से बचने सतर्कता जरूरी
कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार, समुदाय और परिचितों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को ‘साइबर जागृति दूत’ की तरह अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस ने बताए ठगी के नए-नए तरीके
पुलिस चौकी कोरबी के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सुरेश जोगी ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों की जानकारी देते हुए ठगों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी लिंक से सावधान रहने की अपील की।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को डराकर, लालच देकर या झूठी जानकारी देकर उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर जल्दबाजी में कोई ऑनलाइन लेन-देन नहीं करना चाहिए।

 

 

OTP और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें
शिविर में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को विशेष रूप से समझाया गया कि ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय भी विशेष सावधानी बरतें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करनी चाहिए और साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत cybercrime.gov.in के माध्यम से भी दर्ज की जा सकती है।
साइबर जागरूक नागरिक बनने दिलाई शपथ
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और ग्रामीणों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना रहा। प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने पुलिस विभाग के जागरूकता प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों और ग्रामीणों को साइबर दुनिया के खतरों को समझने तथा उनसे बचने में महत्वपूर्ण मदद करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को साइबर जागरूक और सतर्क नागरिक बनने की शपथ दिलाई।
बड़ी संख्या में ग्रामीण और विद्यार्थी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनपद सदस्य भारत सिंह सिदार, पूर्व सरपंच सोनसाय आयाम, सरपंच मनोहर बिंझवार, उपसरपंच भुवाल सिंह सिदार, सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर, आरक्षक दिलीश्वर चंद्र, आरक्षक हरिराम पटेल, रमेश कुमार, पंचगण, शाला विकास समिति के अध्यक्ष जय कुमार सिदार एवं सदस्यगण, पालकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्राम के युवा, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रुखमणि पुरैना, दिव्या कुजूर, मेलन कंवर, रमाकांत कुसरो, पुष्पा कुमारी, दीपक कुमारी, सोनम बालन, अनुराधा राठौर, उमाकांत टोंडे, खीकराम यादव और रुपसाय बिंझवार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता रही।
संदेश साफ है—साइबर ठगी से बचाव के लिए डर नहीं, जागरूकता जरूरी है। सावधानी बरतें, गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल शिकायत करें।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.