August 8, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

विश्व आदिवासी दिवस पर तीन दिवसीय आयोजन ने पकड़ी रफ्तार, कबड्डी मैदान में उतरीं कई टीमें; खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर बढ़ाया उत्साह
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  कोरबा। विश्व आदिवासी दिवस (मूल निवासी दिवस) के अवसर पर कोरबा के बुधवारी बाजार स्थित विश्व की प्रथम आदिवासी शक्तिपीठ में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम अब पूरी तरह रंग में आ गया है। आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास, अधिकार और प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस भव्य आयोजन के दूसरे दिन 8 अगस्त को राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का जोरदार शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों से पहुंची टीमों ने हिस्सा लेकर खेल मैदान में अपना दमखम दिखाया।

 

 

कबड्डी प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से मुलाकात की और उनका परिचय लेते हुए हाथ मिलाकर खेल भावना एवं भाईचारे का संदेश दिया। मैदान में खिलाड़ियों का जोश देखते ही बन रहा था। जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़े, दर्शकों में भी रोमांच बढ़ता गया।
कबड्डी के साथ ज्ञान की परीक्षा, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
विश्व आदिवासी दिवस के इस आयोजन में केवल खेल ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक एवं बौद्धिक प्रतिभाओं को भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। आदिवासी शक्तिपीठ के सभागार में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देते हुए बच्चों ने अपनी ज्ञान क्षमता, त्वरित सोच और जागरूकता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में बच्चों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि आदिवासी समाज की नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपरा के साथ-साथ शिक्षा एवं ज्ञान के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़ रही है।

 

 

तीन दिनों तक चलेगा कार्यक्रम, संस्कृति से लेकर खेल तक का संगम
आयोजकों के अनुसार 7, 8 और 9 अगस्त को आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम में आदिवासी समाज की प्रतिभाओं को अलग-अलग मंच प्रदान किया जा रहा है। राज्य स्तरीय स्लोगन, लेखन एवं निबंध प्रतियोगिताओं के साथ महान आदिवासी योद्धाओं, रूढ़ी-परंपरा, संविधान, संवैधानिक अधिकार और आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
इसके अलावा तीरंदाजी प्रतियोगिता, महिलाओं के लिए मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता तथा आदिवासी संस्कृति और परंपराओं पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण हैं।
वनांचल में सेवा की मिसाल—19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों के लिए चिकित्सा शिविर
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सेवा और सामाजिक सरोकार को भी कार्यक्रम से जोड़ा गया है। 8 अगस्त को कोरबा जिले के वनांचल ग्राम अजगरबहार में विशाल निःशुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें अजगरबहार सहित आसपास की 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को चिकित्सा जांच, निःशुल्क दवाइयां एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
आयोजन में करीब 15 चिकित्सकों एवं उनकी टीम द्वारा अपनी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की यह पहल कार्यक्रम को सामाजिक सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप प्रदान कर रही है।
9 अगस्त को होगा मुख्य मंचीय कार्यक्रम
तीन दिवसीय आयोजन का मुख्य आकर्षण 9 अगस्त को आदिवासी शक्तिपीठ के विशाल प्रांगण में होने वाला मुख्य मंचीय कार्यक्रम रहेगा। कार्यक्रम में शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज माननीय श्री राजेंद्र सिंह दीवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके साथ ही सर्व आदिवासी समाज के प्रमुख पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
आयोजन को सफल बनाने के लिए शक्तिपीठ के संरक्षक मंडल, पदाधिकारी एवं सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति, परंपरा, अधिकार और नई पीढ़ी की प्रतिभा को प्रमुखता से सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
पदाधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों और चल रही प्रतियोगिताओं की जानकारी लेने के लिए शक्तिपीठ के संरक्षक रघुवीर सिंह मार्को, संरक्षक मोहन सिंह प्रधान, उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राज, सांस्कृतिक प्रमुख रूपेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह कंवर, गेंद लाल सिदार, संगठन प्रमुख रमेश सिरका, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र भगत, युवा प्रकोष्ठ से धर्मेंद्र ध्रुव एवं प्रवीण पालिया, सहित श्रीमती सुमन नेताम, श्रीमती कृष्णा राजेश एवं श्रीमती रमा राज सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
विश्व आदिवासी दिवस का यह आयोजन अब सिर्फ एक समारोह नहीं, बल्कि खेल, शिक्षा, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सेवा को एक मंच पर जोड़ने वाला व्यापक अभियान बनता नजर आ रहा है। 9 अगस्त के मुख्य कार्यक्रम को लेकर समाज में खासा उत्साह बना हुआ है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.