August 7, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  कोरबा, 7 अगस्त। सुरों के जादूगर और भारतीय सिनेमा के महान पार्श्वगायक स्वर्गीय किशोर कुमार की जयंती पर कोरबा का साहित्य भवन संगीत, यादों और तालियों की गूंज से सराबोर हो उठा। सरगम म्यूजिकल ग्रुप द्वारा आयोजित “ये शाम मस्तानी – एक शाम किशोर के नाम” संगीतमय संध्या में किशोर कुमार के अमर गीतों ने ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर रात तक अपनी सीटों से उठना नहीं चाहते थे। सुरों की मिठास, कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां और दर्शकों का उत्साह इस आयोजन को यादगार बना गया।
शाम 6 बजे से शुरू होकर रात्रि 11 बजे तक चले इस भव्य आयोजन में साहित्य भवन पूरी तरह संगीत प्रेमियों से खचाखच भरा रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निर्विरोध निर्वाचित पार्षद नरेंद्र देवांगन थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में साहित्य भवन के अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल, भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री हेमलता शर्मा तथा जिला परियोजना अधिकारी ज्योति शर्मा उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

 

 

मुख्य अतिथि ने गीत गाकर जीता दिल
मुख्य अतिथि नरेंद्र देवांगन ने कहा कि संगीत मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और संगीत से जुड़े लोग हमेशा मुस्कुराते हुए जीवन जीते हैं। अपने संबोधन के बाद उन्होंने किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत “नीले-नीले अंबर पर चांद जब आए…” प्रस्तुत किया, जिस पर पूरा सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा।
वहीं हेमलता शर्मा ने संदीप शर्मा के साथ लोकप्रिय युगल गीत “हाल कैसा है जनाब का…” प्रस्तुत कर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति को भी खूब सराहना मिली।
एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में रश्मि चौबे, एन. के. त्रिपाठी, सरोज सोनी, संदीप शर्मा, चिंतन ओट्टालवार, पी. के. दत्ता, बसंत राणा, जयंत चंद्रा, मनोज अग्रवाल, सुनील रंजन साहू, ओमप्रकाश रात्रे, चित्रलेखा राव, शैलेश चौधरी, नवीन शर्मा, सुनील मानिकपुरी, प्रिया महंत, जितेंद्र बघेले, लेखराम पटेल, संजीव राय एवं शैलेश गुप्ता सहित अनेक कलाकारों ने किशोर कुमार के कालजयी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। हर प्रस्तुति के बाद दर्शकों की तालियों ने कलाकारों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया।

 

कलाकारों का हुआ सम्मान, समूह गीत के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने कलाकारों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समापन अवसर पर सभी कलाकारों ने एक साथ मंच पर आकर “ये शाम मस्तानी…” समूह गीत प्रस्तुत किया, जिसने पूरे माहौल को भावनात्मक और संगीतमय बना दिया। आभार प्रदर्शन ज्योति शर्मा ने किया।
इस सफल आयोजन का संचालन एवं संयोजन सरगम म्यूजिकल ग्रुप के डायरेक्टर संदीप शर्मा ने किया। पूरी संध्या इस बात की गवाह बनी कि भले ही समय बदल जाए, लेकिन किशोर कुमार की आवाज़ और उनके गीत आज भी हर पीढ़ी के दिलों पर उसी तरह राज करते हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.