August 6, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

‘हर घर तिरंगा’ को जन-जन का अभियान बनाने की तैयारी, बूथ स्तर तक पहुंचेगी भाजपा; युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों की होगी बड़ी भागीदारी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ और ‘तिरंगा यात्रा’ को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा के एकात्म परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में रायपुर शहर एवं ग्रामीण जिला इकाइयों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान को बूथ स्तर तक सफल बनाने की रणनीति तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ आज देशभक्ति का जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आजादी के अमर सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध जगाने का अभियान है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और गली-गली जाकर नागरिकों को तिरंगा उपलब्ध कराएंगे तथा प्रत्येक परिवार को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेंगे। इससे देश के प्रति सम्मान, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना और मजबूत होगी।
10 से 14 अगस्त तक निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन ने बताया कि प्रदेशभर में 10 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के आह्वान पर इस वर्ष अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर तिरंगा फहराने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
युवा मोर्चा और महिला मोर्चा निभाएंगे अग्रणी भूमिका
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इस बार तिरंगा यात्रा में भारतीय जनता युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की विशेष भागीदारी सुनिश्चित की गई है। युवा शक्ति और मातृशक्ति के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समाज का हर वर्ग इस राष्ट्रीय उत्सव से जुड़े।
‘तिरंगा केवल ध्वज नहीं, राष्ट्र की अस्मिता का प्रतीक’
भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की एकता, शांति, सद्भाव और बलिदान की अमर पहचान है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना को और सशक्त किया जाएगा।
बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। प्रदेश के प्रत्येक गांव, वार्ड और मोहल्ले में जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ा जाएगा। जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और विभिन्न वर्गों के नागरिक भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे उपस्थित
बैठक की शुरुआत रायपुर ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम नारंग ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए की। इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू, जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, सुरेन्द्र पाटनी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राष्ट्रभक्ति का बनेगा जनउत्सव
भाजपा का लक्ष्य है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रदेश के हर घर पर तिरंगा लहराए और हर नागरिक राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो। इसके लिए आगामी दिनों में पूरे छत्तीसगढ़ में व्यापक जनसंपर्क, तिरंगा वितरण और तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.