July 26, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

450 खिलाड़ियों के दमखम से गूंजा जेंजरा, नेशनल स्पोर्ट्स क्लस्टर-3 का शानदार समापन; विजेताओं ने जोनल प्रतियोगिता का टिकट किया पक्का

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कटघोरा। डी.ए.वी. कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्पोर्ट्स क्लस्टर-3 का भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जेंजरा में संपन्न हुआ। खेल प्रतिभाओं के इस महाकुंभ में छत्तीसगढ़ के विभिन्न डी.ए.वी. विद्यालयों से आए लगभग 450 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ जोन के राज्य स्तरीय खेल प्रभारी एवं प्रादेशिक अधिकारी प्रशांत कुमार के मार्गदर्शन तथा क्लस्टर प्रभारी एवं विद्यालय की प्राचार्या डॉ. राज रेखा शुक्ला के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह में विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य विधु शर्मा (सैला), हेमंतो मुखर्जी (खरमोरा), राजू साहू (बडमार), विवेक जायसवाल (भंवर) सहित शिक्षकगण, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

दो दिनों तक चले इस खेल आयोजन में 15 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स और टीम इवेंट्स में अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए जोरदार मुकाबले किए। प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर दौड़, रिले रेस, जैवलिन थ्रो, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप, हाई जंप, ट्रिपल जंप, स्किपिंग सहित कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, रोलर स्केटिंग, क्रिकेट और योगा जैसे खेल शामिल रहे।
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। जैवलिन थ्रो में नैतिक भार्या, अंडर-17 बालिका वर्ग शॉट पुट में आराधना पांडे, अंडर-14 में मुस्कान राज, 800 मीटर अंडर-17 में आदित्य दास, डिस्कस थ्रो में प्रियांशी, 800 मीटर में मोक्ष पटेल (गेवरा), 200 मीटर बालिका वर्ग में आयुषी नेत्री, 400 मीटर बालक वर्ग में आदित्य दास, शॉट पुट में तुषार कुमार (पाली) एवं रामजन्म शर्मा (कुष्मांडा), लॉन्ग जंप में प्रभात दुबे (कुष्मांडा), अंश आरो सिंह (करेंकी) एवं करुणा मांडवी (गेवरा), हाई जंप में ध्रुव सिंह (लखनपुर) एवं रोशन यादव (नारायणपुर), जैवलिन थ्रो में लाची (गेवरा) एवं आयुषी आर्य (कुष्मांडा) तथा ट्रिपल जंप में प्रिंसी जायसवाल (भंवर) और पवन कुमार (बडमार) ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
वहीं टीम इवेंट्स में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 एवं अंडर-17 बालिका वर्ग कबड्डी में सैला और पाली की टीमों ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-14 बालिका वर्ग खो-खो में कोरबा, अंडर-14 बालक वर्ग खो-खो में खरमोरा की टीम विजेता रही। रोलर स्केटिंग अंडर-14 में निया दत्ता (जेंजरा) ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंडर-17 बालक वर्ग कबड्डी में कोरबा की टीम ने विजेता बनकर जोनल प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्राचार्या डॉ. राज रेखा शुक्ला ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे प्रभावी मंच है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी जोनल प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
दो दिवसीय इस आयोजन ने न केवल खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच खेल भावना, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। समापन के साथ ही जोनल स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित खिलाड़ियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.