August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बुध एवं गुरु पुष्य नक्षत्र में होगा स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने दो दिवसीय आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन अभियान 17 व 18 जून को

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *//**//* कोरबा। “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के अंतर्गत बच्चों को स्वस्थ, निरोग एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक विशेष पहल की जा रही है। लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में 17 एवं 18 जून 2026 को दो दिवसीय आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन (स्वर्ण बिंदु प्राशन) कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन प्रख्यात नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के मार्गदर्शन में किया जाएगा।

 

 

आयोजकों ने बताया कि 17 जून बुधवार को शुभ बुध पुष्य नक्षत्र तथा 18 जून गुरुवार को गुरु पुष्य नक्षत्र के अत्यंत शुभ संयोग में यह संस्कार संपन्न होगा। आयुर्वेद में पुष्य नक्षत्र को स्वास्थ्य संवर्धन एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए विशेष महत्व दिया गया है। इसी उद्देश्य से जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स पिलाकर आयुर्वेदिक पद्धति से प्रतिरक्षण (इम्यूनाइजेशन) कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की आयु के अनुरूप संतुलित आहार, दिनचर्या, स्वास्थ्य संरक्षण, मानसिक विकास एवं रोगों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी योग एवं प्राणायाम का निःशुल्क प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
डॉ. शर्मा ने बताया कि स्वर्ण बिंदु प्राशन आयुर्वेद की प्राचीन परंपरा है, जिसके माध्यम से बच्चों की स्मरण शक्ति, एकाग्रता, पाचन क्षमता एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने का प्रयास किया जाता है। नियमित रूप से कराए जाने वाले इस संस्कार से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को सकारात्मक लाभ मिलने की बात आयुर्वेद में बताई गई है।
यह कार्यक्रम पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10 एवं 11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में आयोजित होगा। बच्चों और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व पंजीयन एवं समय निर्धारण की व्यवस्था की गई है। इच्छुक अभिभावक मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर निर्धारित समय प्राप्त कर सकते हैं, जिससे बच्चों को प्रतीक्षा या किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से इस स्वास्थ्यवर्धक अभियान का लाभ उठाने और बच्चों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य के लिए अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.