June 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

12 वर्षों में बदली भारत की तस्वीर: मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में लाई नई रोशनी – अखिलेश सोनी

 

Tirentra Time’s Korba**//**//* रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह कालखंड भारत के इतिहास में जनसेवा, सुशासन, विकास और गरीब कल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुई परिवर्तन की यात्रा ने भारत को नई पहचान दिलाई है और आज देश विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
श्री सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। यही कारण है कि पिछले 12 वर्षों में करोड़ों परिवारों के जीवन स्तर में अभूतपूर्व सुधार देखने को मिला है। सरकार की योजनाओं ने केवल घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय धरातल पर प्रभावी परिणाम दिए हैं, जिससे आम नागरिकों का सरकार पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्के घर मिले हैं, वहीं आयुष्मान भारत योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को महंगे इलाज की चिंता से मुक्त किया है। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का अभियान ग्रामीण भारत के जीवन में बड़ा बदलाव लेकर आया है। इसके साथ ही उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा दी है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के बुनियादी ढांचे को नई गति प्रदान की है। गांवों तक सड़क, बिजली और इंटरनेट पहुंचाने के साथ-साथ रेलवे, हाईवे, एयरपोर्ट और डिजिटल नेटवर्क के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। डिजिटल इंडिया अभियान ने सरकारी सेवाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंच रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका लगभग समाप्त हो गई है।
श्री सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात गंभीरता और सम्मान के साथ सुनी जाती है। वैश्विक चुनौतियों और संकटों के बीच भारत ने एक जिम्मेदार, सक्षम और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश “विकसित भारत 2047” के संकल्प को निश्चित रूप से साकार करेगा। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मूल मंत्र पर आगे बढ़ रही केंद्र सरकार आने वाले वर्षों में भी विकास और जनहित के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.