August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में फिर गूंजेगी शहनाई: 31 निर्धन कन्याओं का भव्य ‘नम: सामूहिक विवाह’ होगा माँ सर्वमंगला दरबार में

1 min read

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। आस्था, सेवा और संस्कार की त्रिवेणी एक बार फिर कोरबा अंचल के ख्याति प्राप्त शक्तिपीठ माँ सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर में प्रवाहित होने जा रही है। दुरपा स्थित मंदिर प्रांगण में 31 निर्धन कन्याओं का भव्य ‘नम: सामूहिक विवाह’ आयोजित किया जाएगा। मंदिर प्रबंधन ने इसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं और शीघ्र ही शुभ तिथि की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
मंदिर के प्रबंधक/पुजारी/राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महाराज) ने जानकारी देते हुए बताया कि माता रानी की असीम कृपा से यह पुण्य आयोजन दूसरी बार संपन्न होने जा रहा है। विवाह हेतु पंजीयन मंदिर स्थित कार्यालय में प्रारंभ किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद परिवार अपनी बेटियों का नाम दर्ज करा सकें।
उन्होंने कहा कि यह केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदना का महापर्व है। निर्धन परिवारों की बेटियों के लिए यह आयोजन सम्मानपूर्वक गृहस्थ जीवन की नई शुरुआत का माध्यम बनेगा। मंदिर प्रबंधन द्वारा प्रत्येक जोड़े के लिए आवश्यक वैवाहिक सामग्री एवं व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
पहली बार भी रहा ऐतिहासिक सफल आयोजन
गौरतलब है कि 02 मार्च 2024 को इसी मंदिर परिसर में प्रथम नम: सामूहिक विवाह का आयोजन हुआ था, जो अत्यंत सफल और यादगार रहा। उस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिला प्रभारी मंत्री अरुण साव सपत्नीक नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देने पहुंचे थे।
कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन सहित प्रदेश और जिले की अनेक गणमान्य विभूतियों ने वर-वधुओं को शुभाशीष प्रदान किया था। कार्यक्रम अपेक्षा से कहीं अधिक भव्य और अनुकरणीय सिद्ध हुआ था।
इस बार और भी भव्यता के साथ आयोजन
द्वितीय आयोजन को सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए मंदिर प्रबंधन ने व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजूदेवी राजपूत, कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर प्रबंधन का उद्देश्य है कि यह आयोजन केवल वैवाहिक संस्कार तक सीमित न रहकर समाज में सहयोग, संवेदना और समरसता का संदेश दे।
कोरबा अंचल में एक बार फिर माँ सर्वमंगला के दरबार से 31 बेटियों की विदाई होगी और शहनाइयों की मधुर ध्वनि के साथ नया इतिहास रचा जाएगा। यह आयोजन निश्चित ही समाज के लिए प्रेरणास्पद उदाहरण बनेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.