February 10, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

❤️ मानवता की मिसाल: शिवनगर रूमगरा में श्री कृष्ण गौ सेवा धाम का महावीर रक्तदान शिविर, 51 यूनिट रक्त संग्रह कर बचाईं जाएंगी अनगिनत जिंदगियां

 

 

(युवाओं व समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग, स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में सुरक्षित रक्तदान संपन्न)
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***// कोरबा 09 फरवरी 2026
कोरबा के शिवनगर रूमगरा स्थित श्री कृष्ण गौ सेवा धाम द्वारा मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को साकार करते हुए विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस पुनीत पहल में कुल 51 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा। आयोजन स्थल पर सुबह से ही रक्तदाताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखने को मिली और पूरे वातावरण में सेवा भाव की भावना झलकती रही।

 

 

रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रक्तदाताओं में प्रमुख रूप से नरेश कुमार साहू, शिवा प्रतिक, भरत पटेल, महादेव यादव, गुलाब चंद्र कश्यप, कृष्णा श्रीवास, रोहित कश्यप, साकेत शर्मा, अविनाश कुमार गुप्ता, प्रभाकर साह, गोलू नारायण, आदर्श गुप्ता, इंद्रजीत मरावी, प्रद्युम्न श्रीवास, अमर, अनिल, विनोद, मुकेश साहू, शाषी, टी.पी. सिंह, अनिल मौर्य, हेमंत, राहुल, पुष्पाकर, केशव, राधे, गुलसन, सौरभ, विनय राठौर एवं संजय राठौर सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।
आयोजकों ने जानकारी दी कि रक्तदान प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित एवं मानक स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के अनुरूप संपन्न हुई। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की प्रशिक्षित चिकित्सा टीम मौजूद रही, जिन्होंने रक्तदाताओं की प्राथमिक जांच, परामर्श और आवश्यक देखरेख सुनिश्चित की। रक्तदाताओं को रक्तदान के पश्चात् जलपान एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुझाव भी प्रदान किए गए।

 

 

श्री कृष्ण गौ सेवा धाम के पदाधिकारियों ने बताया कि इस तरह के सामाजिक सेवा कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा, संवेदना और समर्पण से जुड़े आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लेती है।
शिविर के सफल आयोजन पर संस्था की ओर से सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने युवाओं से आगे भी मानव सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.