✨ ‘20 मिनट में इतिहास रचा!’— 15,563 हस्ताक्षरों से कोरबा ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया स्वच्छता संकल्प का विश्व कीर्तिमान
1 min read



जागरूक नागरिकों की ऐतिहासिक भागीदारी से टूटा पुराना रिकॉर्ड, महापौर संजू देवी राजपूत व आयुक्त आशुतोष पांडेय की अगुआई में कोरबा बना देशभर में मिसाल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा नगर ने एक बार फिर पूरे देश में अपनी पहचान बनाते हुए इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। नगर निगम कोरबा द्वारा आयोजित स्वच्छता संकल्प अभियान के तहत मात्र 20 मिनट में 15,563 हस्ताक्षर कराकर कोरबा ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया और पूर्व में दर्ज कीर्तिमान को ध्वस्त कर एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित कर दिया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने नगरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय के सतत नवाचारपूर्ण प्रयासों, नगर निगम की समर्पित टीम की अथक मेहनत और कोरबा के जागरूक नागरिकों की स्वस्फूर्त सहभागिता का परिणाम है।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा—
“नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सदैव कुछ नया करने और कोरबा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत रहते हैं। उनकी अगुआई में नगर निगम कोरबा की पूरी टीम ने यह अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। मात्र 20 मिनट में पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर 15 हजार 563 हस्ताक्षरों के साथ गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में कोरबा का नाम दर्ज होना पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। मैं इस सफलता पर नगर निगम की पूरी टीम और सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई देती हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि कोरबा नगर निगम पहले ही स्वच्छता सर्वेक्षण में टॉप-10 में शामिल होकर देशभर में आठवां स्थान प्राप्त कर चुका है और अब स्वच्छता की शपथ में नागरिकों की ऐतिहासिक भागीदारी दर्ज कराते हुए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल कर कोरबा ने स्वच्छता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने कहा कि—
“सागर नामक एक युवक ने मुझसे कोरबा को एक नई पहचान दिलाने हेतु कुछ अलग करने का विचार साझा किया था। उसने पूर्व में दर्ज रिकॉर्ड की जानकारी भी दी। इसके बाद इस सुझाव पर सहमति बनाकर पूरी टीम के साथ योजना बनाई गई। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के मार्गदर्शन में नगर निगम की टीम और कोरबा के नागरिकों के सहयोग से आज हमने यह ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल किया। यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे कोरबा शहर की जीत है।”
आयुक्त श्री पांडेय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए नगर निगम कोरबा की पूरी टीम, पार्षदगण, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के औद्योगिक उपक्रमों, आम नागरिकों, प्रेस एवं मीडिया, एनएसएस/एनसीसी, शिक्षा विभाग, विद्यालय एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड्स, स्वयंसेवकों, व्यापारी संगठनों सहित प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाली प्रत्येक इकाई का आभार व्यक्त किया।
इस विश्व रिकॉर्ड के साथ कोरबा ने यह संदेश दिया है कि जब प्रशासन, जनप्रतिनिधि और नागरिक एकजुट होकर लक्ष्य तय करते हैं, तो असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का यह महाअभियान अब कोरबा की पहचान बन चुका है, जो आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करेगा।


