February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

शिक्षा में लापरवाही का दौर खत्म, अब होगा निर्णायक सुधार — 5 हजार शिक्षकों की भर्ती से साय सरकार ने किया बड़ा प्रहार: शताब्दी पाण्डेय

 

रिक्त पद, अव्यवस्था और वर्षों की उदासीनता पर भाजपा सरकार का सीधा वार

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती शताब्दी पाण्डेय ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सशक्त नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस, निर्णायक और क्रांतिकारी कदम उठाए जा रहे हैं। वर्षों से बदहाली, रिक्त पदों और अव्यवस्था का शिकार रही शिक्षा प्रणाली में अब सुधार नहीं, बल्कि बदलाव की शुरुआत हो चुकी है।
श्रीमती पाण्डेय ने व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापम) के माध्यम से 5 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू किए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय केवल नियुक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य में निवेश है। इससे एक ओर जहां प्रतिभावान और योग्य युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता में ठोस सुधार सुनिश्चित होगा।
रिक्त पदों पर त्वरित कार्रवाई, शिक्षा सत्र से पहले पोस्टिंग का लक्ष्य
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राज्य में शिक्षकों की कमी को गंभीरता से लेते हुए नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि आगामी शिक्षा सत्र से पहले शिक्षकों की पोस्टिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और शैक्षणिक सत्र बिना बाधा के संचालित हो।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में टालमटोल और दिखावटी घोषणाओं में विश्वास नहीं करती, बल्कि समयबद्ध और परिणाम देने वाले फैसले ले रही है।
युक्तियुक्तकरण से व्यवस्था संभाली, अब स्थायी समाधान की ओर कदम
श्रीमती शताब्दी पाण्डेय ने कहा कि राज्य में शिक्षकों के रिक्त पदों की गंभीर समस्या से निपटने के लिए पिछले वर्ष अप्रैल–मई माह में युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया अपनाई गई थी। इसके तहत
एक ही परिसर में संचालित स्कूलों का मर्जर,
प्राथमिक एवं मिडिल स्कूलों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों को सौंपना,
जैसे व्यावहारिक कदम उठाए गए, ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके और पढ़ाई प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि अब नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से अस्थायी व्यवस्थाओं पर निर्भरता समाप्त होगी और शिक्षा व्यवस्था को स्थायी मजबूती मिलेगी।
साय सरकार की पहल से शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा नया जीवन
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान शिक्षा व्यवस्था उपेक्षा, अव्यवस्था और राजनीतिक प्रयोगों की भेंट चढ़ गई थी, जिसका खामियाजा विद्यार्थियों और अभिभावकों को भुगतना पड़ा।
वहीं साय सरकार शिक्षा को लेकर संवेदनशीलता, जवाबदेही और दूरदृष्टि के साथ काम कर रही है। शिक्षक भर्ती की यह पहल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में नए युग की शुरुआत साबित होगी।
श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प स्पष्ट है—
हर स्कूल में शिक्षक, हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और हर युवा को अवसर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.