‘केलो रायगढ़’ ब्रांड के नाम से बिकेंगे महिला समूहों के उत्पाद
1 min read![](https://trinetratimes.in/wp-content/uploads/2021/07/FB_IMG_1625808252562.jpg)
![](https://trinetratimes.in/wp-content/uploads/2025/01/WhatsApp-Image-2025-01-26-at-08.19.28_43712d05.jpg)
कलेक्टर श्री भीम सिंह ने लाइवलीहुड की ली बैठक
आजीविका मूलक कार्यों की हुई गहन समीक्षा
रायगढ़,/ रायगढ़ जिले के महिला समूहों के बनाये उत्पादों को अब एक जैसी पहचान मिलने जा रही है। ये उत्पाद अब ‘केलो रायगढ़’ ब्रांड नाम से बेचे जायेंगे। इसमें जिले के विभिन्न समूहों द्वारा तैयार किये गए 70 उत्पादों को शामिल किया जायेगा। कलेक्टर श्री सिंह ने महिला समूहों के उत्पादों को एक स्थानीय पहचान के साथ मार्केट में उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए थे। जिसके तहत अब ये सारे उत्पाद केलो रायगढ़ नाम से उपभोक्ताओं को मिलेंगे।
कलेक्टर श्री भीम सिंह ने आज आजीविका संबंधी विभागों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ली। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट की पैकिंग हेतु महिला समूह द्वारा बैग तैयार किये जाने की जानकारी ली। बताया गया कि 25 लाख की मशीन अगले कुछ दिनों में इनस्टॉल होने वाली है। जिसके पश्चात बैग प्रोडक्शन काम शुरू कर दिया जायेगा। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी गौठानों में समूह से बैग खरीदी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर गुणवत्तायुक्त उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और महिला समूह को आय भी मिलेगी। उन्होंने बैग प्रिंटिंग शुरू करने के लिए शेष बचे सभी कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन की समीक्षा की। बारिश के मद्देनजर वन विभाग की सहायता से बांस के शेड बनाने के निर्देश सभी जनपद सीइओ को दिए। जिन गौठानों में उत्पादन कम हैं वहां कारणों की समीक्षा करने के निर्देश विकास सहायक को दिए। अब तक उत्पादित कम्पोस्ट का समितियों में भण्डारण करने और किसानों को विक्रय करने के लिये निर्देशित किया।
जिले के चयनित गौठानों में मल्टी एक्टिविटी सेंटर स्थापित किये गए हैं, जहाँ महिला स्व-सहायता समूहों को जोड़कर विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने प्रत्येक गौठान में संचालित मल्टी एक्टिविटी सेण्टर में चल रही गतिविधियाँ और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। कुछ समूहों के लोन प्रकरण स्वीकृत नही होने की जानकारी बैठक में दी गयी। कलेक्टर श्री सिंह ने इस पर नाराजगी जताते हुए लीड बैंक मैनेजर को तत्काल ऐसे प्रकरणों की जानकारी लेकर प्रकरण स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सम्बलपुुरी गौठान में मल्टी एक्टिविटी सेण्टर के लिए शेड निर्माण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ.रवि मित्तल, डीएफओ धरमजयगढ़ श्री मणिवासगन एस, उप संचालक कृषि श्री एल.एम.भगत, सहायक संचालक रेशम श्री कंवर, सहायक संचालक उद्यानिकी श्री दीवान सहित एनआरएलएम शाखा सहित सभी संबंधित विभागों अधिकारी उपस्थित रहे।
वन-धन केन्द्रों में हो आजीविका मूलक गतिविधि
———————————————
कलेक्टर श्री सिंह ने वन धन केन्द्रों में वन उत्पाद आधारित प्रोसेसिंग का कार्य कर समूहों को आजीविका मूलक गतिविधियों से जोडऩे के लिए कहा। उन्होंने वन धन केन्द्रों के भवन निर्माण के पूर्णता की जानकारी ली। धरमजयगढ़ में निर्माण कार्य अपूर्ण होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और वहां के जनपद सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
अभियान चलाकर वन अधिकार पट्टाधारियों के बनाये केसीसी
———————————————————
कलेक्टर श्री सिंह ने वन अधिकार पत्र वितरण के तहत एफआरए क्लस्टर में विभिन्न रोजगार मूलक कार्यों के लिए दिए गए राशि के अंतर्गत करवाए गए कार्यों के प्रगति की विकासखंडवॉर जानकारी ली। सभी सीईओ जनपद को अविलम्ब सारे कार्य शुरू कराने व उसे तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। अभियान चला कर वन अधिकार पट्टाधारियों के केसीसी बनाने और उन्हें रोजगार के लिए ऋण देने के निर्देश लीड बैंक मैनेजर को दिए।
मछली पालन के लिये करवाये हेचरी निर्माण
—————————————–
कलेक्टर श्री सिंह ने सामुदायिक बाड़ी विकास अंतर्गत प्रदान की गयी भूमि में फेंसिंग व पानी की व्यवस्था कर बाड़ी विकास का काम आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुनगा पौधों के रोपण से किसानों को जोडऩे के लिये निर्देशित किया। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सामुदायिक बाड़ी के लिए जहां पर भूमि आबंटित की गई है वहां अतिक्रमण हो तो उसे जल्द मुक्त करायें। उन्होंने मछली पालन को बढ़ावा देने के लिये अधिक संख्या में हेचरी निर्माण कराने के निर्देश दिए। रेशम धागा निर्माण के लिये गौठानों में रीलिंग मशीन लगाने के निर्देश रेशम विभाग के अधिकारी को दिए। बताया गया कि खरसिया के ग्राम जोबी में रीलिंग मशीन से धागे निर्माण का कार्य प्रगतिरत है तथा बनोरा एवं देलारी में मशीन से धागे निकालने के लिये प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने चारागाह में नेपियर घास के रूट प्लाटेंशन का काम जल्द पूरा करने के निर्देश उप संचालक पशुपालन को दिए।
समूहों को मिलेगा स्कूल डे्रस सिलाई का काम
——————————————-
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में हाथकरघा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूल डे्रस की सिलाई जिले के समूहों द्वारा की जानी है। इसके लिये समूहों की टे्रनिंग के साथ उसका पंजीयन तथा सिलाई के लिये आर्डर देने का कार्य करें। इसी प्रकार टेक्सटाईल्स यूनिट की प्रगति की भी उन्होंने समीक्षा की। इसके लिये सेटअप लगाने तथा टे्रनिंग का काम साथ-साथ जारी रखने के निर्देश दिए।
![](https://trinetratimes.in/wp-content/uploads/2025/01/WhatsApp-Image-2025-01-26-at-08.19.29_96c29bfa.jpg)