✨छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने पर नवा रायपुर में ऐतिहासिक समारोह — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभूतपूर्व स्वागत✨


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ नवा रायपुर, अटल नगर।
छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजधानी नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का भव्य स्वागत किया गया। राज्य के इस ऐतिहासिक पर्व में जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोग प्रधानमंत्री का दर्शन करने और इस स्वर्णिम अवसर के साक्षी बनने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे।

जगह-जगह सजावट, फूलों की वर्षा, पारंपरिक नृत्य, ढोल-नगाड़ों की गूंज और “जय छत्तीसगढ़”, “मोदी-मोदी” के नारों से पूरा नवा रायपुर गूंज उठा। प्रधानमंत्री के आगमन पर मंच पर मुख्यमंत्री, राज्यपाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने मंच से छत्तीसगढ़ की जनता को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और राज्य की प्रगति, समृद्धि एवं जनकल्याण के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने इन 25 वर्षों में विकास की नई ऊँचाइयों को छुआ है — यहाँ की धरती केवल खनिजों में ही नहीं, बल्कि संस्कृति, कृषि और मानवीय मूल्यों में भी समृद्ध है। प्रधानमंत्री ने कहा, “आने वाले 25 वर्ष छत्तीसगढ़ के लिए ‘अमृत काल’ होंगे, जहाँ जन-जन की भागीदारी से राज्य आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अग्रसर रहेगा।”

इस अवसर पर विकास प्रदर्शनी, सांस्कृतिक संध्या, लोकनृत्य और कला प्रदर्शनियों ने लोगों का मन मोह लिया। छत्तीसगढ़ी परिधान में सजे कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक पेश की।
पूरे नवा रायपुर में उत्सव का माहौल रहा — सड़कों पर रोशनी की सजावट, विभिन्न विभागों की झांकियां और विकास योजनाओं की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने “नवा छत्तीसगढ़ – नवा जोश, नवा विश्वास” के नारे के साथ राज्य की जनता को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
🌾 छत्तीसगढ़ के 25 साल — गर्व, गौरव और विकास की कहानी…
🇮🇳 नवा छत्तीसगढ़, नवा सपन — आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर राष्ट्र का अभिमान!

