राष्ट्रीय एकता के संकल्प के साथ पाली में गूंजा ‘रन फॉर यूनिटी’ — भाजपा पाली मंडल ने लोह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर दिया एकता का संदेश


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ पाली (कोरबा)।
भारत के लौह पुरुष, देश की एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पाली मंडल द्वारा भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर में देशभक्ति और एकता का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, प्राचार्य, शिक्षकगण और नगर के गणमान्य नागरिक एकत्र होकर इस एकता दौड़ में शामिल हुए।

‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ शिव मंदिर पाली से हुआ, जो गांधी चौक होते हुए थाना पाली तक संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में लोगों ने “भारत माता की जय” और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों के साथ सरदार पटेल अमर रहें के जयघोष लगाए। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के योगदान को नमन करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का भारत की एकता और अखंडता में जो योगदान रहा है, वह सदा अमर रहेगा। उन्होंने बिखरे हुए देशी रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर आधुनिक भारत की नींव रखी। इसलिए उनकी जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। देशभर की तरह पाली में भी यह आयोजन जनभागीदारी और उत्साह से परिपूर्ण रहा।
भाजपा पाली मंडल ने अपने संदेश में कहा —
“सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उनकी कार्यशैली, निष्ठा और दृढ़ इच्छा शक्ति से हमें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है। भाजपा सदैव उनके आदर्शों पर चलकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए समर्पित है।”
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि एकता, अनुशासन और समर्पण ही सरदार पटेल के आदर्शों की पहचान थी। उनके पदचिह्नों पर चलकर ही देश सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकता है।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल, पूर्व प्रदेश प्रभारी (अ.स.) ज्ञान सिंह राजपाल, मंडल उपाध्यक्ष हरीश चावड़ा, कोषाध्यक्ष रितेश जायसवाल, वरिष्ठ कार्यकर्ता रामनारायण पटेल, भाजयुमो जिला मीडिया प्रभारी दीपक शर्मा, अखिलेश वैष्णव एवं नगर पंचायत उपाध्यक्ष लखन प्रजापति सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया। पाली नगर एक बार फिर देशभक्ति और एकता के रंग में रंग उठा।

