एनटीपीसी कोरबा द्वारा कमला नेहरू महाविद्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत निबंध प्रतियोगिता आयोजित — प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर बोले, “जागरूक युवा ही राष्ट्र के सच्चे निर्माता”


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ एनटीपीसी कोरबा के तत्वावधान में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के अंतर्गत शुक्रवार को कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। “सतर्कता – हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि –
“आप सभी युवाओं के विकास में ही हमारे महाविद्यालय, जिला, प्रदेश और देश का विकास निहित है। आप प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपने ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व को निरंतर निखारें तथा स्वयं जागरूक बनकर समाज में भ्रष्टाचारमुक्त वातावरण के निर्माण में योगदान दें।”
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में न केवल बौद्धिक विकास करती हैं, बल्कि समाज में जिम्मेदारी और पारदर्शिता की भावना को भी मजबूत करती हैं।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत एनटीपीसी कोरबा द्वारा 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन्हीं आयोजनों की कड़ी में कमला नेहरू महाविद्यालय में सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुई निबंध प्रतियोगिता में बी.एड., स्नातक, स्नातकोत्तर संकायों के विद्यार्थियों सहित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़े लगभग 40 प्रतिभागियों ने अपनी लेखन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने उपस्थित सहायक प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को एकता, ईमानदारी और निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “भ्रष्टाचार केवल शासन का नहीं, बल्कि नागरिकों के नैतिक दायित्व का भी प्रश्न है, और इसे समाप्त करने में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है।”
इस अवसर पर एनटीपीसी कोरबा के मानव संसाधन विभाग से कनिष्ठ अधिकारी श्रीमती अर्चना सिंह, तथा महाविद्यालय परिवार से सुश्री निकिता अग्रवाल, कविता पटेल, विशुभा सिंह, प्रीति महंत एवं कुमार पटेल ने कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में एनएसएस जिला संगठक वाय. के. तिवारी और सहायक प्राध्यापक टी. वी. नरसिम्हम ने विद्यार्थियों को सतर्कता जागरूकता के महत्व से अवगत कराते हुए प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए।
अंत में सहायक प्राध्यापक बृजेश तिवारी ने आभार प्रदर्शन प्रस्तुत किया।
एनटीपीसी कोरबा का प्रतिनिधित्व कर रहीं कनिष्ठ अधिकारी श्रीमती अर्चना सिंह ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 4 नवंबर को एनटीपीसी कोरबा द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम का वातावरण प्रेरणादायक और उत्साहपूर्ण रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने न केवल अपनी लेखन क्षमता दिखाई बल्कि समाज में सतर्कता, ईमानदारी और नैतिक जिम्मेदारी के संदेश को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

