⚡करंट से हाथी की मौत मामला: दो और आरोपी गिरफ्तार, कुल पांच पहुंचे जेल⚡


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायगढ़। तमनार वन परिक्षेत्र में करंट की चपेट में आने से हुई हाथी की दर्दनाक मौत के मामले में वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। जांच के दौरान वन अमले ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं —
1️⃣ देवनारायण राठिया, पिता कमल प्रसाद, निवासी ग्राम बनाई
2️⃣ जयलाल मांझी, पिता सागर मांझी, निवासी ग्राम चिर्रामुड़ा
इससे पहले इसी प्रकरण में बसंत राठिया, वीर सिंह मांझी और रामनाथ राठिया को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। इस प्रकार अब तक कुल पांच आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
🔍 प्रकरण की पृष्ठभूमि:
वन विभाग की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई थी कि आरोपियों ने खेत की मेड़ पर जंगली सूअर का शिकार करने के उद्देश्य से बिजली का नंगा तार बिछाया था। उसी तार के संपर्क में आने से एक हाथी की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना से क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण के प्रति गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
⚖️ कानूनी कार्रवाई जारी:
वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। दोनों नवगिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस अपराध से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के विरुद्ध ऐसी घटनाओं में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
📍तमनार वन परिक्षेत्र, रायगढ़

