February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

जनसेवा के प्रतीक स्व. बनवारी लाल अग्रवाल की पगड़ी रस्म में उमड़ा जनसैलाब — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष श्रद्धेय स्वर्गीय बनवारी लाल अग्रवाल की बारहवीं एवं पगड़ी रस्म में आज अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णु देव साय ने स्वयं उपस्थित होकर स्व. अग्रवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “बनवारी भैय्या का जीवन समाज और संगठन के लिए समर्पण का प्रतीक था। उन्होंने जनसेवा को अपना धर्म माना और भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।”
इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक श्री धरमलाल कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती हर्षिता पांडेय, प्रदेश मंत्री सुश्री रितु चौरसिया, जिला संगठन प्रभारी श्री गोपाल साहू, विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, निवर्तमान जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, तथा भाजयुमो महामंत्री श्री नरेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्व. अग्रवाल का निधन 15 अक्टूबर 2025 को हुआ था। वे लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी के संगठन की रीढ़ के रूप में कार्य करते रहे। अपने सहज, सौम्य और सादगीपूर्ण जीवन से उन्होंने राजनीति को जनसेवा के रूप में स्थापित किया।
कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे हजारों नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने “बनवारी भैय्या अमर रहें” के नारों के साथ अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। पूरे वातावरण में गहरा भावनात्मक माहौल व्याप्त हो गया।
पगड़ी रस्म के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्व. अग्रवाल का जीवन समर्पण, सादगी, संगठन और सेवा का अद्भुत उदाहरण रहा है। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने एकस्वर में यह संकल्प लिया कि स्व. बनवारी लाल अग्रवाल के आदर्शों को समाज में जीवंत बनाए रखेंगे और उनकी जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.