February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर भाजपा का पलटवार — सांसद संतोष पांडेय बोले, “नक्सलियों को मनोबल देने वाला है यह वक्तव्य”

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नक्सल उन्मूलन संकल्प के बीच कांग्रेस पर झूठ व दुष्प्रचार फैलाने का लगाया आरोप

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर ****/ छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन को लेकर चल रही निर्णायक लड़ाई के बीच कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के हालिया बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने इस बयान को “शर्मनाक और देशविरोधी तत्वों का मनोबल बढ़ाने वाला” करार दिया।
संतोष पांडेय ने कहा कि जब-जब नक्सलियों के खिलाफ अभियान निर्णायक मोड़ पर पहुंचता है, कांग्रेस हमेशा कवर फायर देने के लिए आगे आ जाती है। उन्होंने कहा, “बात चाहे राहुल गांधी के नक्सल समर्थक बयानों की हो, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के वक्तव्यों की हो या अब दीपक बैज जी के बयान की— कांग्रेस नेताओं के इन बयानों में नक्सलियों को परोक्ष समर्थन देने का स्पष्ट संकेत मिलता है।”
उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी को ऐसे नक्सल समर्थक बयानों से बाज आना चाहिए। पांडेय ने कहा कि दीपक बैज जिस क्षेत्र और समाज से आते हैं, वहां नक्सलियों ने ही सबसे अधिक क्षति पहुँचाई है। ऐसे में उनका बयान न केवल गैरजिम्मेदाराना है बल्कि स्थानीय समाज के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है।

 

 

भाजपा सांसद ने आगे कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 26 मार्च तक नक्सल उन्मूलन का संकल्प लिया है और उसी दिशा में ठोस रणनीति पर काम चल रहा है। इस समय जब देश और प्रदेश नक्सलवाद के खिलाफ एक निर्णायक मोड़ पर है, कांग्रेस को झूठ फैलाने और दुष्प्रचार से दूर रहना चाहिए।
उन्होंने अपील की, “मैं दीपक बैज जी और पूरी कांग्रेस से कहना चाहता हूँ कि यदि वे नक्सल विरोधी अभियान का समर्थन नहीं कर सकते तो कम से कम तटस्थ रहें। अन्यथा इतिहास उन्हें लोकतंत्र के दुश्मनों को प्रत्यक्ष या परोक्ष सहायता देने के अपराध में कभी माफ नहीं करेगा।”
भाजपा का यह बयान प्रदेश की राजनीति में नक्सलवाद को लेकर चल रही बहस को और तेज़ कर सकता है। नक्सल उन्मूलन को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की रणनीति के बीच कांग्रेस के रुख पर भाजपा ने अब सीधा हमला बोला है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.