धर्म की विजय का उत्सव: बालकोनगर में रावण दहन व श्रीराम झांकियों के साथ मनाई गई भव्य विजयादशमी
1 min read



बालकोनगर, 03 अक्टूबर 2025।बालकोनगर स्थित रामलीला मैदान में विजयादशमी का पर्व इस वर्ष भी हर्ष, उल्लास और धार्मिक आस्था के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीराम, माता सीता एवं भक्त हनुमान जी की भव्य झांकियों तथा रावण दहन कार्यक्रम ने उपस्थित श्रद्धालुओं को दिव्य और प्रेरणादायी अनुभव प्रदान किया।


कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना से हुई, जिसे बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने सम्पन्न किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के चरणों में नमन करते हुए कंपनी और क्षेत्र की निरंतर उन्नति एवं समृद्धि की मंगलकामनाएँ कीं। उनके साथ बालको परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और विजयादशमी की शुभकामनाएँ दीं।
बालको सार्वजनिक विजयादशमी समिति द्वारा आयोजित इस भव्य उत्सव में बालकोनगर एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक उमड़े। विशाल रामलीला मंचन और रावण दहन ने धर्म, सत्य और सद्गुणों की असत्य, अधर्म और अन्याय पर विजय का सशक्त संदेश दिया।
पूरे रामलीला मैदान को आकर्षक प्रकाश सज्जा, रंग-बिरंगे पंडालों और पारंपरिक सजावट से सुसज्जित किया गया था। नौ दिनों तक चली श्रीरामलीला की प्रस्तुतियों ने भक्तों को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन आदर्शों से रूबरू कराया और रामायण की गाथाओं को जीवंत कर दिया।
बालकोनगर की यह सार्वजनिक विजयादशमी न केवल एक धार्मिक आयोजन है, बल्कि यहाँ की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान बन चुकी है। यह गौरवशाली परंपरा पिछले 44 वर्षों से निरंतर चली आ रही है और हर वर्ष इसकी भव्यता में वृद्धि होती जा रही है।







