February 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

प्रधानमंत्री आवास योजना में विशेष पहल: करतला जनपद में शत-प्रतिशत पूर्णता पर पंचायतों को नगद प्रोत्साहन और सम्मान, अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा करतला ***/  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को गति देने के लिए करतला जनपद में अभूतपूर्व पहल की जा रही है। जनपद उपाध्यक्ष श्री मनोज झा ने घोषणा की है कि 31 दिसंबर 2025 तक यदि कोई पंचायत शत-प्रतिशत आवास पूर्ण करा लेती है, तो उसे व्यक्तिगत व्यय से ₹51,000 नगद प्रोत्साहन राशि तथा विभागीय मंत्री के हाथों प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही, आवास मित्र को उनकी मेहनत के लिए ₹21,000 की राशि भी दी जाएगी।
मनोज झा लगातार क्षेत्रीय दौरे व जनसंपर्क में सक्रिय रहते हुए पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान ग्रामीणों से समस्याएँ भी सुनी जा रही हैं। कई स्थानों पर यह जानकारी मिली कि लाभार्थियों को किस्त भुगतान में देरी, दस्तावेज़ी अड़चनें व तकनीकी समस्याएँ बनी हुई हैं।
उन्होंने अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को कड़ा निर्देश दिया कि सभी पात्र परिवारों को समय पर पक्का आवास मिले, ताकि कोई भी लाभार्थी वंचित न रह जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा,
“यह योजनाएँ गरीब व ज़रूरतमंद परिवारों के लिए हैं। समय पर निर्माण न होने से उन्हें भारी परेशानी होती है। हमारा लक्ष्य अगले कुछ महीनों में अधूरे मकानों का काम पूरा कराना है।”
इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए पंचायत सचिवों की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें मनोज झा ने ग्राम सभा के सही संचालन, पारदर्शिता के साथ आवास स्वीकृति, निर्माण की प्रगति और समयसीमा पालन पर विशेष बल दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित सचिव के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जनपद सदस्य श्री रामेश्वर कँवर, सरपंच श्री श्रवण राठिया, श्री राजेंद्र राठिया, श्री संजु वैष्णव, श्री तुलसी रात्रे, श्री मजीद खान, श्री आकाश गुप्ता, आवास शाखा के श्री दिन बंधु, रोजगार शाखा के श्री हरी किशन देवागन, आर ई एस शाखा के श्री मरावी जी, ग्राम के रोजगार सहायक, सचिव, आवास मित्र, कोतवार एवं भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मनोज झा की पहल की सराहना की। उनका कहना है कि इससे योजनाओं में तेजी आएगी और लाभार्थियों को समय पर लाभ मिलेगा।
उक्त पहल से उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लक्ष्य हर पात्र परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराना शीघ्र पूरा होगा। इस तरह की जिम्मेदार और सक्रिय पहल से ग्रामीण विकास की दिशा में एक नई मिसाल कायम होगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.