June 30, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

अखंड भारत संकल्प दिवस पर गुरुकुल महाविद्यालय ढेलवाडीह में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर

त्रिनेत्र टाइम्स कटघोरा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, कटघोरा के अंतर्गत गुरुकुल महाविद्यालय ढेलवाडीह में अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोरबा जिला कार्यवाह कैलाशनाथ मुख्य अतिथि, व्यवस्था प्रमुख राजीव गुप्ता एवं अभिषेक तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य जी.एस. पैकरा ने की तथा मंच संचालन डायरेक्टर दुबे सर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के तैल चित्र के पूजन-अर्चन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। मुख्य वक्ताओं ने 14 अगस्त 1947 के भारत विभाजन की ऐतिहासिक घटनाओं का स्मरण कराते हुए कहा कि विभाजन की पीड़ा को भुलाए बिना हमें पुनः अखंड भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने उपस्थित सभी से आग्रह किया कि प्रतिदिन पूजा-अर्चना के दौरान एक अगरबत्ती भारत माता के नाम से जलाएं और राष्ट्र की एकता के लिए प्रार्थना करें।

कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं में गहरी राष्ट्रभक्ति और उत्साह साफ झलक रहा था। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं और सभी शिक्षकों-शिक्षिकाओं की सराहनीय भूमिका रही।

विशेष रूप से उपस्थित स्वयंसेवकों में लोकेश साहू (खंड व्यवस्था प्रमुख, कटघोरा), कमल देवांगन एवं सुनील देवांगन (शारीरिक प्रमुख, छुरी), गुरमीत सिंह (गौ-धाम सेवा प्रमुख, लखनपुर), गुलशन दास (अरदा) और दीपक पटेल (जवाली) शामिल रहे।

समापन अवसर पर प्राचार्य जी.एस. पैकरा ने आभार व्यक्त किया और स्वल्पाहार वितरित किया गया। इसके बाद उपस्थित स्वयंसेवकों के साथ शाखा लगाकर नए स्वयंसेवकों को जोड़ने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक सभी अपने-अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन नहीं करेंगे, तब तक पूर्ण परिणाम प्राप्त नहीं होंगे।

अंत में उन्होंने चेताया कि हिंदुस्तान में वर्तमान समय में धर्मांतरण, गौ-हत्या, गौ-तस्करी और लव जिहाद जैसी चुनौतियाँ गंभीर रूप ले रही हैं, जिन्हें रोकने के लिए संगठित प्रयास और राष्ट्र के प्रति समर्पण आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.