August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

विश्व के प्रथम आदिवासी शक्तिपीठ में पांच दिवसीय विश्व आदिवासी मूल निवासी महोत्सव का भव्य समापन — सांस्कृतिक वैभव, पारंपरिक खेल व गौरवपूर्ण संदेशों से गूंजा कार्यक्रम

1 min read

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/    विश्व के प्रथम आदिवासी शक्तिपीठ में आयोजित पांच दिवसीय विश्व आदिवासी मूल निवासी महोत्सव का समापन 11 अगस्त 2025 को बड़े ही गौरवशाली और गरिमामय वातावरण में हुआ। इस महोत्सव में आदिवासी समाज की प्राचीन परंपराओं, कस्टमरी लॉ, गौरवपूर्ण इतिहास और सांस्कृतिक चेतना को जीवंत रखने वाले विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

पांच दिनों तक चले इस आयोजन में कबड्डी, तीरंदाजी सहित कई पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। साथ ही राष्ट्रीय आदिवासी परिधान फैशन शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लोक नृत्य और विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 15 चिकित्सा विशेषज्ञों ने सुदूर वनांचल के ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं।

 

अतिथि व सांस्कृतिक उत्साह
समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विधानसभा तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री जय सिंह अग्रवाल, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, नेता प्रतिपक्ष मुकेश राठौर और श्री एम.एल. मरावी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक नेतृत्व उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान मंच पर मांदर की थाप पर अतिथियों का झूमना और जनसमूह का उत्साह अद्भुत नजारा प्रस्तुत कर रहा था। विभिन्न राज्यों की आदिवासी वेशभूषा में प्रस्तुत फैशन शो दर्शकों के लिए रोमांचक क्षण साबित हुआ।

संरक्षक का संदेश
शक्तिपीठ के संरक्षक श्री मोहन सिंह प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी समाज देश के विकास का मेरुदंड है, जिसने लाखों साल पहले दुनिया को प्राचीन और पुरातन सभ्यता दी। उन्होंने प्रकृति पूजा की महत्ता, रूढ़ि-जन्य परंपराओं की रक्षा और शिक्षा के महत्व पर बल दिया। साथ ही समाज को नशा मुक्त, पर्यावरण संरक्षण और विकास में अग्रणी भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया।

श्री प्रधान ने आदिवासी दिवस पर राजनीतिक नेतृत्व द्वारा शुभकामना संदेश न भेजे जाने पर खेद जताया और समाज को अपने संवैधानिक अधिकारों व परंपराओं की रक्षा के लिए संगठित रहने का आह्वान किया।

 

निर्माण कार्यों का आभार
श्री प्रधान ने श्री जय सिंह अग्रवाल के योगदान से 50 लाख की लागत से निर्मित विशाल डोम और दो मंजिला भवन के निर्माण कार्यों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही श्री लखन देवांगन द्वारा कराए गए 50 लाख के बाउंड्री वॉल, पेवर ब्लॉक, नाली निर्माण व प्रकाश व्यवस्था के कार्यों की भी सराहना की।

कार्यक्रम संचालन और आयोजन समिति
इस अवसर पर अध्यक्ष बी.एस. पैंकरा, उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राज व बी.एम. धुर्वे, महासचिव एम.पी. सिंह तंवर, कार्यकारी अध्यक्ष गंगा सिंह कंवर, सांस्कृतिक प्रमुख रूपेंद्र सिंह पैंकरा, कोषाध्यक्ष लव कुमार मांझी, क्रीड़ा प्रभारी प्रवीण पालिया, हीरा सिदार, धर्मेंद्र ध्रुव और संगठन प्रमुख रमेश सिरका सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों व महिला मंडल की सक्रिय भूमिका रही।

कार्यक्रम का संचालन निर्मल सिंह राज ने किया तथा आभार प्रदर्शन बी.एस. पैंकरा ने किया। अंत में श्री रघुवीर सिंह मार्को ने सभी सहयोगियों और उपस्थित जनसमूह का धन्यवाद ज्ञापित किया।

More Stories

1 min read

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

1 min read
Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.