आदिवासी शक्तिपीठ के तत्वाधान में सांस्कृतिक व खेल महोत्सव की धूम, कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ कोरबा। आदिवासी शक्तिपीठ के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक एवं खेल महोत्सव की शुरुआत 7 अगस्त 2025 को बड़े उत्साह के साथ हुई। प्रथम दिवस पर कोरबा जिले के पाँचों ब्लॉकों में सामान्य ज्ञान, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बालक-बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रत्येक ब्लॉक में निर्णायक और सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए थे, जिससे प्रतियोगिताएं सुव्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न हो सकें।
इन कार्यक्रमों का संचालन कार्यक्रम समन्वयक श्री सुभाष चंद्र भगत, श्री रघुवीर सिंह मार्को एवं श्रीमती सुमन मिंत्रा नेताम के नेतृत्व में किया गया।

आज 8 अगस्त को महोत्सव के दूसरे दिन कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री श्रीकांत कसेर, सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, जिला कोरबा, के करकमलों से हुआ। उनके आगमन पर शक्तिपीठ के संरक्षक मोहन सिंह प्रधान ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, वहीं महिला प्रकोष्ठ की सदस्याओं ने भी पारंपरिक आतिथ्य से उनका अभिनंदन किया।

श्री कसेर ने मैदान में उपस्थित खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में कई ऐसे खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं, जिन्होंने राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष बी. एस. पैंकरा, संगठन प्रमुख रमेश सिरका और कार्यक्रम प्रबंधक विक्रम सिंह कंवर भी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन शक्तिपीठ के उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राज ने किया।

यह आयोजन न केवल खेल भावना और प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित कर रहा है, बल्कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक धरोहर को भी सशक्त रूप से आगे बढ़ा रहा है।


