October 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

राहुल गांधी देश से माफी मांगें, झूठे एजेंडे से लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं : सरोज पाण्डेय

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर वोट चोरी को लेकर लगाए गए आरोप निराधार, अलोकतांत्रिक और राजनीतिक हताशा का प्रमाण हैं।

सुश्री पाण्डेय ने कहा कि वोटों का विषय सीधे चुनाव आयोग से जुड़ा है और आयोग ने इस मामले में राहुल गांधी से शपथ पत्र मांगा है। “यदि उनके दावे सही हैं तो वे शपथ पत्र दें, अन्यथा पूरे देश से सार्वजनिक माफी मांगें,” उन्होंने दो टूक कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का यह प्रयास चुनाव आयोग की छवि धूमिल करने और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की सुनियोजित साजिश है।

पूर्व सांसद ने याद दिलाया कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने भी राहुल गांधी को झूठे दावे पर फटकार लगाई थी, जब उन्होंने कहा था कि चीन ने भारतीय क्षेत्र के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया है। कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि “एक सच्चा भारतीय” ऐसी बात नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की प्रवृत्ति रही है कि जहां चुनाव जीतते हैं वहां कोई सवाल नहीं उठाते, लेकिन जहां हार होती है वहां गड़बड़ी का आरोप लगाते हैं।

सुश्री पाण्डेय ने कहा, “अगर चुनाव आयोग समझौतावादी है, जैसा राहुल गांधी कह रहे हैं, तो वे लोकसभा चुनाव में 99 सीटों की जीत का जश्न कैसे मना सकते हैं? भाजपा ने लंबे समय तक विपक्ष में रहते हुए भी कभी चुनाव आयोग या संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल नहीं उठाए, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोच्च रखा।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बार-बार देश विरोधी सवाल उठाते हैं—कभी सेना के शौर्य, तो कभी एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक पर। अब वे चुनाव आयोग पर अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जो न केवल अधिकारियों के सम्मान के खिलाफ है बल्कि लोकतंत्र पर सीधा हमला है।

सुश्री पाण्डेय ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में राहुल गांधी के ये दावे फर्जी साबित होंगे और एक बार फिर उनका झूठा एजेंडा जनता के सामने उजागर होगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस दोहरे रवैये को भलीभांति समझ रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.