गढ़ उपरोड़ा में गूंजेगी आदिवासी अस्मिता की आवाज़, मोहन सिंह प्रधान के उद्बोधन को सुनने उमड़ेगा जनसैलाब
1 min read
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा। 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर गढ़ उपरोड़ा में होने वाला विशाल आदिवासी समारोह इस बार खास होने जा रहा है। आदिवासी शक्तिपीठ के संरक्षक एवं प्रखर वक्ता मोहन सिंह प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में मंच की शोभा बढ़ाएंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में तहसीलदार लीलाधर ध्रुव, आदिवासी शक्तिपीठ कोरबा के उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राज, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती कौशल्या विश्वनाथ सिंह, जगलाल राठिया, संगठन प्रमुख रमेश सिरका, शिव प्रसाद कंवर (सतरेंगा), बी. एस. पैंकरा, फॉरेस्ट रेंजर जयंनाथ सिंह उर्रे, थाना प्रभारी लेमरू राजेश खलखो, वरिष्ठ सदस्य शंभू शक्ति सेना प्रवीण पालिया और डिप्टी रेंजर पवन कंवर मंच पर मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा गढ़ उपरोड़ा, सतरेंगा, देवपहरी, साखों, अरसेना, धनगांव, तीलाइडांड, नकिया, डोकर मना, बड़गांव, माखुरपानी, अजगरबहार, चुइंया, लेमरू सहित 15 से 20 पंचायतों के सरपंच, पूर्व जनपद सदस्य एवं वरिष्ठ ग्रामीण नेता भी भारी संख्या में उपस्थित होंगे।
मोहन सिंह प्रधान आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, सांस्कृतिक धरोहर, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा-स्वास्थ्य के मुद्दों पर अपने बेबाक विचार रखने के लिए जाने जाते हैं। उनके उद्बोधन में 1857 से पहले और स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी योद्धाओं की भूमिका, जिसे इतिहास में उपेक्षित किया गया, पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे पेन पुरखों एवं देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद वृक्षारोपण, प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान, कबड्डी, रस्साकशी, महिला-पुरुष खेल प्रतियोगिताएं और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षक पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
हजारों की संख्या में ग्रामीण इस ऐतिहासिक अवसर पर आदिवासी अस्मिता और गौरव का परचम लहराने के लिए गढ़ उपरोड़ा में जुटेंगे।
— सूरज सरोटिया
जिला अध्यक्ष, शंभू शक्ति सेना
