May 2, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कुसमुंडा में डीएवी स्कूल के प्रिंसिपल का पुतला दहन, एडमिशन में भ्रष्टाचार के आरोप, प्रिंसिपल ने खारिज किए आरोप

त्रिनेत्र टाइम्स कुसमुंडा/कोरबा। डीएवी स्कूल कुसमुंडा में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। गुरुवार को क्षेत्र में आक्रोशित अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने स्कूल के प्रिंसिपल का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्कूल में एडमिशन प्रक्रिया पूरी तरह से अपारदर्शी और भ्रष्टाचार से भरी हुई है।



प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्कूल प्रशासन ने योग्य विद्यार्थियों को नजरअंदाज करते हुए पैसे लेकर मनचाहे नामों का दाखिला किया है। इसको लेकर कई अभिभावकों ने पहले भी शिकायतें की थीं, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके विरोध में लोगों ने स्कूल गेट के सामने नारेबाजी करते हुए प्रिंसिपल का पुतला फूंका और निष्पक्ष जांच की मांग की।



इस पूरे मामले में स्कूल के प्रिंसिपल ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि स्कूल की प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई है। किसी भी तरह के भ्रष्टाचार या पक्षपात के आरोप निराधार और दुर्भावनापूर्ण हैं। यदि किसी को कोई शिकायत है तो वे विद्यालय प्रबंधन या उच्च प्राधिकरण के समक्ष लिखित में शिकायत प्रस्तुत कर सकते हैं।

फिलहाल यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है और अभिभावक समुदाय निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़ा हुआ है। स्थानीय प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.