March 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

राजस्थान से डॉ. हीरा मीणा और डॉ. मीणा का शक्तिपीठ में भव्य स्वागत, आदिवासी जागरूकता अभियानों की सराहना

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **/ कोरबा, 6 अगस्त 2024:
विश्व के प्रथम आदिवासी शक्तिपीठ में आज एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण देखने को मिला, जब राजस्थान से डॉ. श्रीमती हीरा मीणा और उनके पति डॉ. मीणा का आगमन हुआ। इन दोनों प्रतिष्ठित हस्तियों ने शक्तिपीठ पहुंचकर पुरखा शक्तियों की सेवा और पूजन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

शक्तिपीठ के सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह में जंगों रायतार मातृशक्ति संघ की पदाधिकारिणियों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों और रूढ़िजन्य आदिवासी परंपराओं के अनुसार उनका अभिनंदन किया गया। समाज की ओर से यह स्वागत भावनात्मक और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

डॉ. हीरा मीणा और डॉ. मीणा ने इस अवसर पर अपने वक्तव्य में शक्तिपीठ द्वारा चलाए जा रहे विविध सामाजिक अभियानों – जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, संवैधानिक अधिकारों, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, और आदिवासी एकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि,

“शक्तिपीठ द्वारा किए जा रहे कार्य आज की तारीख में पूरी दुनिया में आदिवासी समाज के लिए एक मिसाल हैं।”

विशेष रूप से उन्होंने 2011 से 2025 तक शक्तिपीठ के छात्रावास में रहकर पढ़े 44 बच्चों की सफलता की सराहना की, जो आज विभिन्न सरकारी और निजी क्षेत्रों में नौकरी कर समाज और अपने परिवार की सेवा कर रहे हैं। शक्तिपीठ द्वारा चलाए जा रहे कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम, कोचिंग सेंटर और कमर्शियल प्रशिक्षण परिसर को भी उन्होंने एक आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी मॉडल बताया।

डॉ. हीरा मीणा ने अपने उद्बोधन में संवैधानिक अधिकार, कस्टमरी लॉ, रूढ़िजन्य परंपरा, आदिवासी योद्धाओं के इतिहास और वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर गहन विचार रखे। वहीं डॉ. मीणा ने राजनीतिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक जागरूकता पर अत्यंत प्रेरणादायी और जानकारीपूर्ण व्याख्यान दिया।

कार्यक्रम में शक्तिपीठ के संरक्षक श्री मोहन सिंह प्रधान ने शक्तिपीठ की स्थापना, उद्देश्य, इतिहास और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा –

“यह शक्तिपीठ एक विरासत है, जिसे हम अगली पीढ़ियों को आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाज और आत्मगौरव की अमूल्य धरोहर के रूप में सौंपेंगे।”

समारोह के अंत में जंगों रायतार मातृशक्ति संघ की संरक्षक श्रीमती सुमन मित्रा नेताम ने आभार व्यक्त करते हुए सभा का समापन किया।

इस अवसर पर संघ की अध्यक्ष श्रीमती कृष्ण राजेश मांझी, कोषाध्यक्ष श्रीमती रमाराज सहित कई मातृशक्ति पदाधिकारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन शक्तिपीठ के उपाध्यक्ष श्री निर्मल सिंह राज द्वारा किया गया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.