कोरबा में आगामी नेशनल लोक अदालत की तैयारी शुरू, न्यायालयों को दिए गए आवश्यक निर्देश
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा 📍कोरबा, 5 अगस्त 2025
जिला न्यायालय कोरबा एवं तहसील विधिक सेवा समितियों द्वारा आगामी नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन की तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। 13 सितंबर को आयोजित होने वाली इस लोक अदालत को लेकर 4 अगस्त को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।
बैठक का आयोजन जिला न्यायालय कोरबा के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में प्रातः 10:30 बजे किया गया। इसकी अध्यक्षता माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा (छ.ग.) द्वारा की गई। इस दौरान जिला न्यायालय कोरबा के समस्त न्यायिक अधिकारियों के साथ-साथ कटघोरा, करतला और पाली न्यायालयों के न्यायिक अधिकारियों ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी लोक अदालत में राजीनामा योग्य अधिकतम प्रकरणों के त्वरित और आपसी सहमति से समाधान को सुनिश्चित करना था। माननीय न्यायाधीश महोदय ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजीनामा योग्य प्रकरणों की पहचान कर प्राथमिकता से उनका निराकरण लोक अदालत में किया जाए।
उल्लेखनीय है कि लोक अदालत के माध्यम से नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने की मंशा से यह पहल की जाती है, जिसमें परस्पर सहमति से विवादों का समाधान किया जाता है।
आगामी लोक अदालत में दीवानी, वैवाहिक, पारिवारिक, राजस्व, मोटर यान दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, बिजली विवाद, बैंक ऋण वसूली, श्रम विवाद समेत अन्य राजीनामा योग्य मामलों का निराकरण किए जाने की संभावनाएँ हैं।
👉 लोक अदालत में प्रकरणों के निराकरण से लाभ:
त्वरित न्याय
खर्च में कमी
आपसी सहमति से विवाद का हल
अपील की आवश्यकता नहीं
आम जनता से आग्रह किया गया है कि वे अपने लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों के निपटारे हेतु इस अवसर का लाभ उठाएं और न्यायालय से संपर्क करें।







