May 3, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“सेवा ही संकल्प” — कोरबा के जनप्रिय चिकित्सक डॉ. बी.डी. अग्रवाल ने पूरे किए 50 साल, भावुक हुआ सम्मान समारोह

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  कोरबा। अंचल के वरिष्ठ, सम्मानित एवं जनप्रिय चिकित्सक डॉ. भगवान दास अग्रवाल (डॉ. बी.डी. अग्रवाल) ने 4 अगस्त 2025 को अपने चिकित्सा सेवा के 50 वर्ष पूर्ण कर लिए। इस ऐतिहासिक अवसर पर पावर हाउस रोड स्थित श्वेता नर्सिंग होम में एक सादगीपूर्ण परंतु भावपूर्ण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अस्पताल के समस्त सहयोगी कर्मचारियों, परिजनों व शुभचिंतकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, तिलक वंदन और अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

 

संघर्ष की झोपड़ी से सेवा की शिखर तक का सफर

डॉ. अग्रवाल ने अपने चिकित्सकीय जीवन की शुरुआत वर्ष 1975 में उस समय की ग्राम पंचायत कोरबा (अब शहर) में एक टाट की झोपड़ी से की थी। उस दौर में पावर हाउस रोड, टी.पी. नगर और निहारिका जैसे क्षेत्र घने जंगल हुआ करते थे, और पुरानी बस्ती ही मुख्य कस्बा थी। आरंभ में उन्होंने पुराना बस स्टैंड के पास एक सादा क्लिनिक से इलाज शुरू किया, फिर करीब 15 वर्षों तक दीनदयाल मार्केट के सामने एक किराए के कमरे में अपनी सेवाएं देते रहे।

श्वेता नर्सिंग होम की स्थापना और चिकित्सा सेवा का विस्तार

डॉ. अग्रवाल ने 11 मई 1990 को श्वेता नर्सिंग होम की स्थापना की, जो उस समय विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के अंतर्गत पावर हाउस रोड नहर किनारे स्थित है। इस अस्पताल से उन्होंने हजारों मरीजों का इलाज कर जीवनदान दिया। कोरबा के कई अन्य अनुभवी चिकित्सकों के साथ मिलकर उन्होंने चिकित्सा को एक सेवा के रूप में स्थापित किया।

सम्मान और भावनाओं से सराबोर समारोह

डॉ. अग्रवाल के 50 वर्षों के सेवा काल को समर्पित समारोह में समस्त स्टाफ ने उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया, और उनके स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। डॉ. अग्रवाल ने इस अवसर पर अपने संघर्षों को याद करते हुए साडा के प्रथम अध्यक्ष डॉ. यू.एस. जायसवाल तथा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के सहयोग के प्रति विशेष धन्यवाद व्यक्त किया।

सेवा जारी रखने का संकल्प

अब 76 वर्ष की उम्र में प्रवेश कर चुके डॉ. बी.डी. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि वह अभी भी यथासंभव मरीजों की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “श्वेता नर्सिंग होम केवल एक अस्पताल नहीं, यह मेरी साधना है। जब तक संभव हो सकेगा, मैं अपनी सेवा से लोगों को स्वास्थ्य प्रदान करने का प्रयास करता रहूंगा।”

कोरबा की जनता ने दिया ‘डॉक्टर साहब’ को जन-आशीर्वाद

कोरबा की जनता के बीच ‘डॉक्टर साहब’ के नाम से लोकप्रिय डॉ. अग्रवाल को अंचल में निःस्वार्थ सेवा, मानवीय संवेदनशीलता और सादगीपूर्ण व्यवहार के लिए जाना जाता है। उनके 50 वर्षों की यह यात्रा कोरबा शहर की चिकित्सा व्यवस्था के विकास के साथ जुड़ी हुई एक जीवंत प्रेरणा गाथा है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.