May 4, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

एनएमडीसी बचेली लोडिंग मार्ग ठप: बी.टी.ओ.ए. ने सौंपा ज्ञापन, शीघ्र समाधान का आश्वासन

त्रिनेत्र टाइम्स**** दंतेवाड़ा। एनएमडीसी लिमिटेड बचेली कॉम्प्लेक्स स्थित लोडिंग प्लांट तक जाने वाला मुख्य मार्ग भारी बारिश के चलते अवरुद्ध हो गया है, जिससे क्षेत्र के ट्रक मालिकों एवं लोहा अयस्क परिवहन से जुड़े लोगों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन (बी.टी.ओ.ए.) के सदस्यों ने मुख्य महाप्रबंधक श्री कोडोली श्रीधर से सौजन्य मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

बी.टी.ओ.ए. ने मांग की कि लोडिंग प्वाइंट जाने वाले मार्ग को शीघ्र दुरुस्त किया जाए और पुनः लोडिंग कार्य प्रारंभ हो। इस पर मुख्य महाप्रबंधक ने जल्द से जल्द मार्ग को चालू करने व हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि विगत दिन सुबह लगभग 10:30 बजे एनएमडीसी बचेली परिसर स्थित पुराना मिट्टी निर्मित चेक डेम भारी बारिश के कारण ढह गया। लगभग 52-55 वर्ष पूर्व निर्मित यह डेम अब जर्जर अवस्था में था और पिछले कुछ दिनों की मूसलधार बारिश के चलते इसका ढहना तय माना जा रहा था। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, किंतु चालकीपारा, बचेली निवासी रामधर कश्यप का ट्रक, जो लोडिंग प्लांट रोड पर खराब हुआ था, चेक डेम ढहने से आई मिट्टी व पानी के कटाव में आ गया और क्षतिग्रस्त हो गया।

बी.टी.ओ.ए. के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं एनएमडीसी अधिकारियों द्वारा त्वरित रूप से राहत कार्य शुरू किया गया। पोकलेन, बड़े ड्रोजर जैसी भारी मशीनों की मदद से लोडिंग मार्ग पर जमा गाद को हटाने का कार्य किया जा रहा है।

फिलहाल सुरक्षा कारणों से लोडिंग प्लांट को जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है। यह वही मार्ग है जिससे प्रतिदिन लगभग 300 ट्रक लोहा अयस्क लोडिंग हेतु गुजरते हैं। मार्ग बंद होने से ट्रक मालिकों, चालकों और लोडिंग कार्य से जुड़े हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।

इस दौरान प्रमुख रूप से उमेश सिंह गौतम, राहुल असरानी, आकाश गोयल, मनीष नायक, अनिल यादव, विक्रम अग्रवाल, गौरव सिंह, डिवीन थॉमस, सुनील सहित बी.टी.ओ.ए. के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मार्ग की शीघ्र मरम्मत एवं स्थायी समाधान की मांग की है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.