March 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में पहली बार आयोजित हो रही 6वीं महिला राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता – पहले दिन सब जूनियर और जूनियर वर्ग की प्रतियोगिताएं संपन्न

कोरबा। योगासन भारत के अंतर्गत छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं कोरबा योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 6वीं महिला राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन 01 से 03 अगस्त तक कोरबा में किया जा रहा है। यह पहली बार है जब राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन कोरबा जिले में हो रहा है।

इस प्रतियोगिता में राज्य के 19 जिलों से महिला प्रतिभागी भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों को शामिल किया गया है – सब जूनियर वर्ग (10 से 14 वर्ष), जूनियर वर्ग (14 से 18 वर्ष), सीनियर वर्ग (18 से 28 वर्ष), सीनियर ए (28 से 35 वर्ष), सीनियर बी (35 से 45 वर्ष) तथा सीनियर सी (मास्टर्स) (45 से 55 वर्ष)।

प्रतियोगिता का आयोजन सीनियर क्लब सीएसईबी, कोरबा में किया जा रहा है। पहले दिन (01 अगस्त) सब जूनियर और जूनियर वर्ग की प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि अशोक मोदी और हितानंद अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने भारतीय परंपरा के अनुसार भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि “योग केवल आज का ही नहीं बल्कि द्वापर युग में भी भगवान श्रीकृष्ण योगी रूप में पूजनीय रहे हैं। जीवन को अनुशासित और स्वस्थ रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को योग और ध्यान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।”

इस अवसर पर योगासन एसोसिएशन से भोजेन्द्र कुमार साहू, प्रमोद अग्रवाल, संजय कुर्मवंशी, दुर्गेश राठौर, सचिन विश्वकर्मा, सुनील अग्रवाल, राकेश साहू, इंदनारायण जायसवाल, वृंदा चौहान, विनीता दीक्षित, दुर्गेश्वरी तिवारी, आशालता कौशिक, विनोद गुप्ता, अश्वनी राजपूत, अंकिता गौतम समेत समिति के सभी सदस्य तथा स्काउट गाइड बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

प्रतियोगिता 03 अगस्त तक चलेगी, जिसमें क्रमशः अन्य वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.