August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

भाजपा का कार्यकर्ता सम्मान समारोह कल मुख्यमंत्री निवास में 1 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने वाले प्रदेश स्तर पर होंगे सम्मानित

1 min read

कार्यकर्ताओं के तप को हम सबका प्रणाम:किरण देव

त्रिनेत्र टाइम्स रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के ‘संगठन महापर्व : सदस्यता अभियान’ के दौरान 01 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल 02 अगस्त को सम्मानित करेंगे और सम्मानित कार्यकर्ताओं के साथ श्री साय के निवास पर भोज का कार्यक्रम भी होगा। भाजपा सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी मंत्री, सांसद और विधायक भी आमंत्रित किए गए हैं।

भाजपा सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक श्री सिंहदेव ने कहा कि विगत वर्ष सदस्यता अभियान में निर्धारित सदस्यता लक्ष्य अर्जित करने पर कार्यकर्ताओं को सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई थी। प्रदेश भाजपा ने प्रदेश के लिए निर्धारित लक्ष्य 60 लाख से ज्यादा सदस्य बनाकर इतिहास रचा है। श्री सिंहदेव ने बताया कि प्रदेश संगठन की घोषणा के दृष्टिगत प्रदेश स्तर पर 1000 सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को दीप सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसी तरह राज्य स्तर पर 03 हजार से अधिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को सदस्यता श्री सम्मान, 05 हजार से अधिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को गौरव सम्मान, 10 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को सदस्यता रत्न और 20 हजार सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को सदस्यता भूषण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह के बाद सम्मानित कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री श्री साय के साथ भोज का अवसर भी मिलेगा।

कार्यकर्ताओं ने भाजपा के सांगठनिक आधार को दृढ़ करके सचमुच कमाल कर दिखाया है : देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने इस आयोजन के दृष्टिगत कहा कि सदस्यता अभियान में प्रदेशभर के सभी कार्यकर्ताओं ने निर्धारित लक्ष्य से ज्यादा सदस्य बनाकर भाजपा के सांगठनिक आधार को दृढ़ करके सचमुच कमाल कर दिखाया है। तमाम प्रतिकूलताओं और संसाधनों की सीमित संख्या के बावजूद भाजपा के पराक्रमी कार्यकर्ताओं ने अनथक परिश्रम करके इतिहास रचा है। श्री देव ने सदस्यता अभियान के जटिल लक्ष्य को आसानी से निर्धारित अवधि में अर्जित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि 60 लाख के लक्ष्य से भी अधिक सदस्य बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और उत्साह को कई गुना बढ़ाएगा। श्री देव ने कहा कि न केवल छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देशभर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान के ऐतिहासिक पराक्रम का कमाल करके दिखाया है। उसके चलते भारतीय जनता पार्टी ने न केवल भारत, अपितु विश्व में सबसे बड़े लोकतांत्रिक राजनीतिक दल होने का गौरव अर्जित किया है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.