साइकिल पर निकले कोरबा नगर निगम आयुक्त, अतिक्रमण हटवाया और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
1 min read
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने शहर की सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को साइकिल से निरीक्षण किया। नगर निगम की एक्शन टीम के साथ उन्होंने कोसाबाड़ी चौक से जिला अस्पताल तक का भ्रमण किया। इस दौरान दुकानों के सामने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।
नगर निगम आयुक्त ने व्यवसायियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि दुकानों और गुमटियों के सामने प्लास्टिक कचरा जमा न होने दें। उन्होंने दुकानदारों को डस्टबिन रखने और ग्राहकों को कचरा डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित करने की सलाह दी। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्देशों का पालन न करने पर जुर्माना वसूला जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर कच्चे कोयले की अंगीठी जलती पाई गई, जिससे उठते धुएं के कारण आसपास प्रदूषण फैल रहा था। निगम की टीम ने मौके पर ही कच्चे कोयले को जब्त कर लिया। आयुक्त पांडेय ने पोड़ीबहार बस्ती का भी दौरा कर स्थानीय निवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने चौक-चौराहों पर कचरा न जमा करने की अपील करते हुए नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग मांगा।
इस दौरान आयुक्त के साथ निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी सहित निगम की टीम के कई सदस्य शामिल थे। आयुक्त ने सफाई कर्मचारियों से भी चर्चा कर उनकी ड्यूटी और सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की जानकारी ली।
