May 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कलेक्टर का पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को नोटिस – “दुर्भावनापूर्ण पोस्ट हटाएं, अन्यथा होगी कार्रवाई”

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 15 जुलाई 2025। कोरबा जिला प्रशासन ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें एक लिखित नोटिस जारी किया है। कलेक्टर कार्यालय से अधिकृत रूप से दी गई जानकारी में कहा गया है कि पूर्व मंत्री द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई तस्वीर वस्तुस्थिति को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत करती है, जिससे शासन और प्रशासन की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया।

जिला कलेक्टर द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख है कि 14 जुलाई को जयसिंह अग्रवाल के फेसबुक प्रोफाइल पर एक तस्वीर पोस्ट की गई थी। इस तस्वीर के बारे में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह फोटो उस समय की है जब पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर कलेक्टर कार्यालय में बैठक के लिए आए हुए थे। कलेक्टर ने उन्हें औपचारिक रूप से अभिवादन किया और वे अपनी बैठक के लिए निर्धारित स्थान पर बैठे। तस्वीर उस समय ली गई, जब श्री कंवर ज्ञापन देने के लिए कुछ देर के लिए खड़े हुए थे।

प्रशासन ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जयसिंह अग्रवाल द्वारा इस तस्वीर को “दुर्भावनापूर्ण तरीके से प्रचारित-प्रसारित” किया गया है, जिसका उद्देश्य सामाजिक वर्गों में विद्वेष फैलाना और शासन-प्रशासन के प्रति नागरिकों में असंतोष की भावना पैदा करना प्रतीत होता है।

पत्र में आगे कहा गया है कि यह कृत्य भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। पूर्व मंत्री को निर्देशित किया गया है कि वे इस पोस्ट को तत्काल प्रभाव से हटाएं, अन्यथा कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

🔴 कलेक्टर का सख्त संदेश
जिला कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की भ्रामक और उकसावे वाली पोस्ट न केवल प्रशासनिक कार्यों में बाधा डालती हैं, बल्कि आम जनता में अनावश्यक तनाव और भ्रम भी पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी वर्गों के साथ समन्वय बनाकर काम करता है और ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा जो शांति और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बनें।

👉 अब सवाल यह है कि क्या पूर्व मंत्री इस निर्देश का पालन करेंगे या मामला और तूल पकड़ेगा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.