July 1, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

राइजिंग छत्तीसगढ़: समावेशी विकास का रोडमैप पेश कर बोले CM साय – हर क्षेत्र में दिखेगा बदलाव”

रायपुर, जुलाई 2025।
 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ राजधानी रायपुर में न्यूज़18 मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के ‘राइजिंग छत्तीसगढ़’ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की जनता को विकास का नया विजन दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार छत्तीसगढ़ के हर क्षेत्र में समावेशी और तीव्र गति से विकास की दिशा में काम कर रही है। कॉन्क्लेव में सुशासन, जनकल्याण और नवाचार जैसे विषयों पर गहन मंथन हुआ।

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता के अपार समर्थन ने हमारी सरकार को मजबूती दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने पहले ही कैबिनेट में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं, जिससे हजारों परिवारों के चेहरे पर खुशियां लौटी हैं। किसानों के लिए भी बड़ी सौगात दी गई है—सरकार ने धान खरीदी की दर बढ़ाकर ₹3100 प्रति क्विंटल कर दी है और पिछले दो वर्षों की बकाया राशि का भी भुगतान सुनिश्चित किया गया है।

महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह ₹1000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसी तरह, जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण के लिए चरण पादुका वितरण, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस और गरीबों के लिए तीर्थदर्शन योजना चलाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि ग्रामीण इलाकों में बैंकिंग सुविधा पहुंचाने के लिए 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं और जल्द ही यह पूरे प्रदेश में लागू होगा। रेडी टू ईट भोजन निर्माण का कार्य फिर से महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया है ताकि ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिले।

नक्सल समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा, “हम नक्सल मुक्त भारत के अभियान को पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं। केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सल मुक्त करने का लक्ष्य तय किया है और हमारी सरकार नियद नेल्लार योजना के जरिए गांवों में तेज़ी से विकास कर रही है। डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता से यह परिवर्तन संभव हो पा रहा है।”

‘राइजिंग छत्तीसगढ़’ कॉन्क्लेव के विभिन्न सत्रों में प्रदेश की चुनौतियों, अवसरों और विकास की दिशा पर विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और कृषि मंत्री डॉ. रामविचार नेताम भी मौजूद रहे। कार्यक्रम ने छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की झलक प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.