राहुल असरानी बने जनभागीदारी समिति अध्यक्ष, शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय दंतेवाड़ा में मिली नई जिम्मेदारी




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ दंतेवाड़ा। शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय दंतेवाड़ा की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पद पर भाजपा दंतेवाड़ा के मीडिया प्रभारी राहुल असरानी को नियुक्त किया गया है। इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा पत्र क्रमांक 266/जा.भ.स/2025 जारी कर नियुक्ति की जानकारी दी गई है।

यह नियुक्ति प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप के अर्द्धशासकीय पत्र क्रमांक 279 दिनांक 06.06.2025 के आधार पर की गई है। समिति के गठन हेतु श्री राहुल असरानी को महाविद्यालय में आमंत्रित किया गया।
अपनी नियुक्ति पर राहुल असरानी ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक चैतराम अटामी और भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी और सम्मान की बात है। महाविद्यालय में छात्रों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मैं हरसंभव प्रयास करूंगा।”
राहुल असरानी ने आगे कहा कि वर्ष 2014 तक आंध्रा यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन में बी.ई. की पढ़ाई के दौरान मिले छात्र जीवन के अनुभव अब इस नई भूमिका में उनकी मदद करेंगे। उन्होंने कहा, “अपने छात्र जीवन की स्मृतियों के साथ इस नई जिम्मेदारी को निभाना मेरे लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। छात्रों के हित में हर कदम पर मैं पूर्ण रूप से उपलब्ध रहूंगा।”
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों ने भी उन्हें बधाई दी और विश्वास जताया कि वे महाविद्यालय के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।


