कोरबा: ग्रामीणों की सतर्कता से टला हाथियों का आतंक, वन विभाग अलर्ट मोड में




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। जिले के पसान वन परिक्षेत्र के सेमहरा सर्किल में इन दिनों वन्यप्राणियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को पांच हाथियों का दल कापा नवापारा क्षेत्र से ग्राम बनिया के रास्ते होते हुए सेमहरा इलाके में आ पहुंचा। दल के जंगल से बाहर निकलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। हाथियों ने गांव में प्रवेश का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से उन्हें जंगल की ओर खदेड़ दिया गया। फिलहाल हाथियों का यह दल सेमहरा के जंगल में ही विचरण कर रहा है।
वन विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेमहरा समेत आसपास के गांवों में मुनादी कराई है और ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग के अमले ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी भी संभावित घटना से बचा जा सके। अभी तक हाथियों के इस दल ने किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाई है, लेकिन खतरे की संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
इधर, एतमा नगर रेंज के मड़ई सर्किल में भी 27 हाथियों का बड़ा दल पिछले कुछ दिनों से डेरा डाले हुए है। इस वजह से ग्रामीण दहशत में हैं। इसी तरह, जटगा रेंज में 14 हाथियों का दल लंबे समय से मौजूद है। राहत की बात यह है कि ये हाथी अब तक आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश नहीं कर पाए हैं और जंगल में ही विचरण कर रहे हैं।
वहीं, कुदमुरा रेंज के गीतकुंवारी जंगल के कक्ष क्रमांक 1106 में भी दो दंतैल हाथी देखे गए हैं। वन विभाग ने सभी संबंधित रेंजों में गश्त बढ़ा दी है और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को चेतावनी दी गई है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और बच्चों को भी सुरक्षित स्थानों पर रखें।
वन अधिकारियों का कहना है कि हाथियों के दल के रूट को ट्रैक किया जा रहा है ताकि उनके अगले मूवमेंट का अनुमान लगाकर समय रहते एहतियाती कदम उठाए जा सकें।


