तेलुगू मोहल्ला में कचरे के अंबार और जाम सीवरेज ने बढ़ाई वार्डवासियों की मुश्किलें, संक्रामक बीमारियों का खतरा; भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर ने किया समस्या का निरीक्षण




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 08 जुलाई 2025। शहर के कोसाबाड़ी मण्डल अंतर्गत वार्ड क्रमांक 25 शिवाजी नगर स्थित तेलुगू मोहल्ला में कचरे के अंबार और सीवरेज लाइन जाम होने की वजह से सड़क और घरों में गंदा पानी फैलने से वार्डवासियों का जीवन नारकीय हो गया है। प्रदूषित पानी के चलते क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। बताया गया कि यह समस्या पिछले 10 से 15 वर्षों से बनी हुई है, लेकिन नगर निगम और प्रशासन के तमाम निवेदनों के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका।

वार्डवासियों की इस गंभीर समस्या का जायजा लेने मंगलवार को भाजपा कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मंजू सिंह, मंडल मंत्री मिलाप राम बरेठ, श्री जीवा, श्री योगेश श्रीवास और श्री प्रदीप सोनसर्व ने क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को जाना और आश्वासन दिया कि भाजपा इस विषय को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन के समक्ष मजबूती से आवाज उठाएगी।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय लोगों ने स्ट्रीट लाइट की खराबी, नालियों के अधूरे निर्माण और सड़कों की जर्जर हालत जैसी अन्य समस्याओं को भी उजागर किया। इस पर मंडल अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और जल्द ही इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन पर दबाव बनाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से निगम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करने को विवश होंगे। वार्डवासियों की मांग है कि निगम क्षेत्र में नियमित सफाई, सीवरेज लाइन की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था तत्काल की जाए।


