बालकोनगर में भगवान जगन्नाथ की भव्य बहुड़ा रथ यात्रा, श्रद्धालुओं ने खींचा आस्था का रथ
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ बालकोनगर, 05 जुलाई। बालकोनगर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला जब उत्कल भारती सेवा समिति द्वारा भगवान जगन्नाथ की बहुड़ा रथ यात्रा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुई। महाप्रभु जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का रथ खींचने के लिए नगरवासी बड़ी संख्या में उमड़े। पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” के जयकारे गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय हो उठा।

बालको के मुख्य प्रचालन अधिकारी श्री आशुतोष द्विवेदी की अगुवाई में अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारों और नगरवासियों ने रथ खींचकर पुण्य अर्जित किया। रथ के आगे चलते कर्मा नर्तकों के दल ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

5 जुलाई को महाप्रभु जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा मौसी के घर गुंडिचा मंदिर (रामलीला मैदान) से अपने निज मंदिर (राम मंदिर) लौटे। यह रथ यात्रा बालकोनगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए राम मंदिर पहुंची, जहां भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर महाप्रभु का स्वागत किया।
धार्मिक अनुष्ठानों और भजन-कीर्तन से नगर का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। उल्लेखनीय है कि बालकोनगर में यह रथ यात्रा पिछले 44 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही है और यह परंपरा आज भी उसी श्रद्धा और उत्साह के साथ जीवित है।







