कटघोरा में बारिश बनी कहर: रेलवे मजदूर तेज बहाव में बहा, तलाश जारी




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसी बीच कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम कोरबी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गेवरा-डोंगरगढ़ नई रेलवे लाइन के निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर के तेज बहाव वाले नाले में बह जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड के पलामू जिला निवासी उदय कुमार सिंह ग्राम कोरबी में रेलवे पुलिया निर्माण कार्य में लगा हुआ था। दोपहर के समय तेज बारिश के दौरान वह पुलिया के नीचे काम कर रहा था कि अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। देखते ही देखते वह संतुलन खो बैठा और बहाव में बह गया। घटना के बाद से ही आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल है।
कोरबा जिले और कटघोरा क्षेत्र में लगातार तेज बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं। कई ग्रामीण इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। नालों में पानी का तेज बहाव होने से लोगों की आवाजाही भी बाधित हो गई है। प्रशासन ने हालात की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में अलर्ट जारी किया है।
लापता मजदूर की खोज के लिए प्रशासनिक अमला, पुलिस व स्थानीय ग्रामीण लगातार प्रयास कर रहे हैं। नाव और रस्सियों की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नालों और पुल-पुलियों के पास न जाएं और सतर्क रहें। साथ ही क्षेत्र के सभी नदी-नालों के पास सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं।
कटघोरा क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के चलते नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया है, जिससे इस तरह की घटनाओं की आशंका और अधिक बढ़ गई है। प्रशासन ने हालात पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही है और युद्धस्तर पर लापता मजदूर की तलाश जारी रखी है।


