August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

प्रतिभाओं को मिला मंच, समाज को मिला संदेश : दैनिक भास्कर और फिजिक्स वाला ने किया होनहार विद्यार्थियों का सम्मान

1 min read

कोरबा, रविवार |
इसी भावना के तहत दैनिक भास्कर एवं फिजिक्स वाला के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को राजीव गांधी ऑडिटोरियम टीपी नगर में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में कोरबा जिले के दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।

 

इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल हुए, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने की। समारोह में जिलेभर के हजारों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस क्षण को अपने जीवन का प्रेरणास्त्रोत माना।

मंत्री ने कहा – आज के बच्चे ही कल के अफसर और जनसेवक होंगे

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने मंच से अपने संबोधन में कहा कि दैनिक भास्कर देश का ऐसा अखबार है जो केवल सच्ची और समाजहित की बातों को जगह देता है। यही कारण है कि यह समूह आज देशभर में भरोसे का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान समारोह से बच्चों को प्रेरणा मिलेगी और आगे चलकर ये बच्चे कोई अफसर, कोई वैज्ञानिक, कोई नेता बनकर देश की सेवा करेंगे।
मंत्री ने छात्रों से कहा —

> “पढ़ाई में पूरी लगन और ईमानदारी से जुटें, क्योंकि आज के युग में प्रतिस्पर्धा बेहद कठिन है। सफलता उन्हीं को मिलेगी जो निष्ठा से प्रयास करेंगे।”

 

उन्होंने यह भी कहा कि एक शिक्षक का गौरव तब और बढ़ जाता है जब उसका पढ़ाया हुआ विद्यार्थी किसी ऊँचाई तक पहुँचता है। अतः विद्यार्थियों को अपने गुरुओं का सम्मान हमेशा बनाए रखना चाहिए।

 

हजारों छात्रों के बीच मंच पर कविता के जरिए प्रोत्साहन

समारोह की अध्यक्षता कर रहीं महापौर संजू देवी राजपूत ने विद्यार्थियों को कविता के माध्यम से संबोधित किया और उन्हें खुद का लक्ष्य खुद तय करने की प्रेरणा दी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों पर दबाव न डालें, बल्कि उन्हें अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दें।
उन्होंने कहा —

> “बच्चे मोबाइल से दूर रहें और अपने आत्मविश्वास से आगे बढ़ें, तभी परिवार और समाज का नाम रोशन होगा।”
महापौर ने दैनिक भास्कर के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मबल बढ़ता है और उनका भविष्य संवरता है।

सम्मान से गौरवान्वित हुए ये स्कूल और कोचिंग संस्थाएं

इस समारोह में न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, धनीराम पब्लिक स्कूल, जैन पब्लिक स्कूल, ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, केन्द्रीय विद्यालय कुसमुंडा, डीपीएस बालको, डीएवी स्कूल (कोरबा, गेवरा व दीपका), आर्यन पब्लिक स्कूल उरगा, सेंट थॉमस स्कूल दीपका, लायंस स्कूल मड़वारानी, त्रिलोकी पब्लिक स्कूल कटघोरा, जय भारत इंग्लिश स्कूल कटघोरा, प्रयास आवासीय स्कूल डिंगापुर, इंडस स्कूल दीपका सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया।

फिजिक्स वाला कोचिंग संस्था से नीट व जेईई में चयनित विद्यार्थियों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों में विज्ञान, तकनीक और प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा के प्रति उत्साह देखने को मिला।

संस्थाओं का सहयोग रहा अहम

कार्यक्रम में हेल्थ पार्टनर के रूप में सिटी डेंटल एवं राम सुपर स्पेशलिटी आईई केयर,
फूड पार्टनर के रूप में न्यू दिल्ली स्वीट्स,
एवं एसोसिएट के रूप में न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल व एमसीएमआईटी कॉलेज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में डीईओ टीपी उपाध्याय,
भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी,
भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री व पार्षद नरेन्द्र देवांगन,
फिजिक्स वाला के उड़ीसा एवं महाराष्ट्र प्रमुख राहुल यादव,
तथा कोरबा ब्रांच हेड अतुल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन रविंद्र साहू ने प्रभावशाली ढंग से किया।

“एक मंच पर जब प्रतिभा, प्रेरणा और प्रोत्साहन एक साथ आते हैं, तो भविष्य की दिशा तय होती है। दैनिक भास्कर का यह आयोजन कोरबा के शिक्षा क्षेत्र में एक नई रेखा खींच गया।”

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.