August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

दीपक बैज के मोबाइल चोरी पर केदार कश्यप का तंज – क्या कांग्रेस के अंदर ही छुपे हैं फोन चुराने वाले?

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता श्री केदार कश्यप ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के मोबाइल फोन चोरी की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने यह सवाल उठाया है कि क्या यह चोरी किसी आम चोर की करतूत है या इसके पीछे कांग्रेस के ही किसी नेता का हाथ है? श्री कश्यप ने सीधे तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का नाम लेते हुए पूछा है कि क्या इन दोनों में से किसी ने यह काम करवाया है या किसी और कांग्रेस नेता की इसमें भूमिका है?

श्री कश्यप ने कहा कि “दीपक बैज को पूरे प्रदेश की जनता को बताना चाहिए कि उनके मोबाइल में ऐसा कौन-सा गुप्त राज छुपा हुआ है जिसे कांग्रेस के ही लोग जानना चाहते हैं। आखिर कौन उनकी जासूसी कर रहा है? यदि बैज को यह संदेह है कि कांग्रेस के किसी नेता ने ही उनका फोन चोरी करवाया है, तो उन्हें खुलकर उसका नाम लेना चाहिए।”

उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि श्री बैज को शक है कि इस घटना के पीछे भूपेश बघेल या टीएस सिंहदेव हैं, तो उन्हें जनता के सामने आकर पूरे घटनाक्रम का खुलासा करना चाहिए। इससे न केवल असली चोर का पर्दाफाश होगा, बल्कि मोबाइल वापस पाने की दिशा में भी मदद मिलेगी।

वन मंत्री श्री कश्यप ने यह भी तंज कसा कि “कहीं ऐसा तो नहीं कि दीपक बैज के फोन में कांग्रेस के कुछ ऐसे अंदरूनी राज़ छिपे हों, जिन्हें जानने के लिए पार्टी के लोग ही बेचैन हों? अगर ऐसा है तो यह कांग्रेस पार्टी के भीतर ही बड़ी दरार और आपसी अविश्वास का संकेत है। यह चोरी अगर कांग्रेस के अंदरूनी घमासान का नतीजा है, तो श्री बैज को जनता के हित में यह बात उजागर करनी चाहिए।”

श्री कश्यप ने कहा कि “आज जनता जानना चाहती है कि उनके प्रदेश अध्यक्ष की जासूसी कौन कर रहा है। यदि बैज साहब सच बोलेंगे और चुप्पी नहीं साधेंगे, तो प्रदेश की जनता को भी समझ आ जाएगा कि कांग्रेस के अंदर क्या चल रहा है। हम पूरी कोशिश करेंगे कि उनका मोबाइल उन्हें सुरक्षित वापस दिलाया जाए, लेकिन इसके लिए उन्हें सच्चाई सामने लानी होगी।”

कुल मिलाकर, वन मंत्री के इस बयान से छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक नई बहस छिड़ गई है कि क्या यह सिर्फ एक चोरी की घटना है या कांग्रेस पार्टी के भीतर कोई गहरा रहस्य और राजनीतिक संघर्ष छिपा हुआ है?

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.