“छोटे-बड़े व्यापारियों को राहत देने का काम करेगा चैंबर” – सुभाष केडिया




📍कोरबा, 29 जून 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा चैम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनाव को लेकर प्रचार अभियान जोरों पर है। आगामी 01 जुलाई को होने वाले इस महत्वपूर्ण चुनाव के लिए प्रत्याशी सुभाष केडिया ने जनसंपर्क अभियान के दौरान व्यापारियों से मुलाकात कर समर्थन की अपील की।
मीडिया से चर्चा करते हुए सुभाष केडिया ने कहा कि यदि उनकी टीम विजयी होती है, तो वह कोरबा के छोटे और बड़े व्यापारियों को राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है, जिससे व्यापारी वर्ग में असंतोष व्याप्त है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी प्राथमिकता व्यापारिक हितों की रक्षा करना और अतिक्रमण के नाम पर चलाए जा रहे बेतरतीब अभियानों पर नियंत्रण स्थापित करना होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी टीम व्यापारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर, न्यायसंगत समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
सुभाष केडिया ने कहा, “हमारा उद्देश्य चैंबर को मजबूत और व्यापारियों के लिए प्रभावशाली मंच बनाना है। हर छोटे-बड़े व्यापारी की बात को गंभीरता से सुनकर, उसके समाधान की दिशा में काम करेंगे।”
जनसंपर्क के दौरान उन्हें व्यापारियों का अच्छा समर्थन मिल रहा है, जिससे यह चुनाव काफी रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक होता जा रहा है।


