लेमरू में हितग्राही शिविर में ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ, नशा मुक्ति की ली शपथ




कोरबा, 27 जून 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ विकासखंड कोरबा के अंतर्गत लेमरू क्लस्टर में शुक्रवार को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ देने हेतु जागरूकता सह लाभ संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर हाई स्कूल लेमरू परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें लेमरू क्लस्टर के कुटरूवां, अरसेना, सुर्वे, बड़गांव, देवपहरी, कनसरा, जाताडांड, डोकरमना, कुदरीचिंगर, गढ़उपरोड़ा, बहेरा, रांपा, केरीझरिया, अरेतरा, केऊबहार, विमलता, रपता एवं नकिया ग्रामों के ग्रामीण जन बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और साथ ही आवश्यक सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर—
- 11 आधार कार्ड बनाए गए,
- 04 आयुष्मान कार्ड जारी किए गए,
- 43 राशन कार्ड में नाम जोड़ने व हटाने की प्रक्रिया की गई,
- 08 मनरेगा जॉब कार्ड जारी किए गए,
- 31 पेंशन आवेदनों की स्वीकृति दी गई,
- स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन हुआ।
इस दौरान उपस्थित हितग्राहियों को “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से जनजातीय समुदाय को शासन की योजनाओं से जोड़ना, उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को गति देना और उन्हें मुख्यधारा में शामिल करना रहा।
शिविर में नकिया सरपंच श्रीमती रमिला मंझवार, डोकरमना सरपंच श्रीमती अनिता, अरसेना सरपंच श्रीमती पवन कुमारी, लेमरू सरपंच श्रीमती रजनी सिंह तंवर, बड़गांव सरपंच श्री भुकेश्वर सिंह पैंकरा, जनपद पंचायत कोरबा की विकास विस्तार अधिकारी श्रीमती महेश्वरी साव, अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
यह शिविर शासन की मंशा के अनुरूप “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार करता है, जिसमें अंतिम पंक्ति तक के व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सुलभ कराया जा रहा है।


