March 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

अमित शाह ने NFSU-CFSL परिसर का शिलान्यास और i-Hub का शुभारंभ कर कहा – छत्तीसगढ़ बनेगा क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम और स्टार्टअप हब का केंद्र


रायपुर, 22 जून 2025
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/    केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने शनिवार को नवा रायपुर में नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) और सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (CFSL) के रायपुर परिसर का शिलान्यास किया और साथ ही NFSU के अस्थायी परिसर का ई-उद्घाटन तथा i-Hub इनिशिएटिव का लोकार्पण किया।

इस विशेष कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, केन्द्रीय गृह सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम में आएगा आमूलचूल परिवर्तन: अमित शाह

अपने उद्बोधन में श्री अमित शाह ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि एक साथ तीन महत्वपूर्ण संस्थाओं की नींव रखी गई है, जो न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे मध्य भारत के क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम को आधुनिक, वैज्ञानिक और सशक्त बनाएंगी।

उन्होंने कहा कि तीन नए आपराधिक कानूनों के पूर्णत: क्रियान्वयन की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने सराहनीय पहल की है। अब सात वर्ष से अधिक दंडनीय अपराधों में फॉरेंसिक जांच अनिवार्य होगी। इससे न्यायिक प्रक्रिया में दोषसिद्धि की दर में गुणात्मक सुधार आएगा और भारत शीघ्र ही दुनिया के अग्रणी देशों की श्रेणी में शामिल होगा।

फॉरेंसिक साइंस शिक्षा का राष्ट्रीय केंद्र बनेगा छत्तीसगढ़

श्री शाह ने जानकारी दी कि NFSU रायपुर परिसर के निर्माण पर ₹145 करोड़ और CFSL पर ₹123 करोड़ की लागत आएगी, जिससे कुल ₹268 करोड़ की परियोजना नवा रायपुर में मूर्त रूप ले रही है। उन्होंने बताया कि NFSU से ग्रेजुएशन करने वाले छात्रों के लिए नौकरी की पक्की गारंटी होगी और यह विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ की शिक्षा और रोजगार क्षेत्र में नई क्रांति लाएगा।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश के 26 प्रमुख स्थानों पर NFSU का विस्तार कर रही है, जिससे हर साल 32 हजार से अधिक फॉरेंसिक विशेषज्ञ तैयार होंगे। इससे भारत एविडेंस-बेस्ड जस्टिस सिस्टम की दिशा में तेजी से अग्रसर होगा।

i-Hub से उभरेगा युवाओं का स्टार्टअप आत्मबल

गृह मंत्री ने छत्तीसगढ़ i-Hub इनिशिएटिव के शुभारंभ को राज्य के युवाओं के लिए स्टार्टअप, MSME और औद्योगिक नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि i-Hub एक ऐसा मंच बनेगा जो युवाओं को टेक्नोलॉजी, मार्केटिंग, कानूनी सहायता और वित्तीय मदद दिलाने के लिए ब्रिज की भूमिका निभाएगा। इससे उद्योग निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

2047 के विकसित भारत में ‘समय पर न्याय’ भी एक मुख्य स्तंभ

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक विकसित भारत का सपना केवल इन्फ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्री और इनोवेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि समय पर न्याय दिलाना भी उसका प्रमुख अंग है।

उन्होंने बताया कि नए कानूनों के अनुसार FIR दर्ज होने से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक न्याय की प्रक्रिया तीन वर्षों के भीतर पूरी की जा सकेगी। यह देश के क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम को विश्व का सबसे आधुनिक, त्वरित और वैज्ञानिक प्रणाली बनाएगा।

छत्तीसगढ़ – अटल जी का सपना और मोदी जी की दिशा

अमित शाह ने अपने वक्तव्य में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी को छत्तीसगढ़ निर्माण का श्रेय देते हुए कहा कि इस राज्य के विकास और स्थायित्व का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जाता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का 25वां स्थापना वर्ष ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है, और नवा रायपुर देश की सबसे आधुनिक और हरित राजधानियों में गिना जाएगा।

भारत के फॉरेंसिक बाजार में अपार संभावनाएं

श्री शाह ने बताया कि वैश्विक फॉरेंसिक तकनीक बाजार वर्तमान में 20 बिलियन डॉलर का है और 2036 तक 55 बिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है, जिसमें भारत की हिस्सेदारी 9% होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की दूरदर्शिता और योजनाओं के कारण भारत इस क्षेत्र में भी वैश्विक नेतृत्व की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.