पोंडी उपरोड़ा में मितानिनों और जनप्रतिनिधियों का हुआ सम्मान, जनसेवा और स्वास्थ्य कार्यों के प्रति समर्पण को मिली सराहना




कोरबा, 19 जून 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ विकासखंड पोंडी उपरोड़ा अंतर्गत सद्भावना भवन में गुरुवार को विकासखंड स्तरीय मितानिन एवं जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह का आयोजन भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य था—स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सामाजिक चेतना के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली मितानिनों और पंचायत स्तर पर जनसेवा में अग्रणी भूमिका निभाने वाले जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करना।
समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे “गांव की आशा” हैं। उन्होंने कहा कि मितानिनें स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर पहुँचाने में जुटी हैं और उनकी भूमिका मातृ-शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता में अत्यंत सराहनीय है।

समारोह की अध्यक्षता जनपद पंचायत पोंडी उपरोड़ा की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी सिंह ने की। उन्होंने कहा कि मितानिनें न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की वाहक हैं, बल्कि समाज की जमीनी ताकत भी हैं। जनपद उपाध्यक्ष श्री प्रकाश चंद्र जाखड़, जनपद सदस्यगण, ग्राम पंचायतों के सरपंच, बीपीएम सर, विकासखंड संयोजक एन. कृष्णा, किशोर जी, रुक्मिणी यादव, राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं मितानिनें इस अवसर पर उपस्थित रहीं।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली चयनित मितानिनों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पंचायत स्तर पर जनकल्याण के लिए सक्रिय जनप्रतिनिधियों को भी सम्मान-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन विकासखंड स्वास्थ्य समिति के समन्वय में किया गया। यह आयोजन जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और पंचायत व्यवस्था के बीच समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।
समारोह के समापन पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और मितानिनों ने यह संकल्प लिया कि वे जनहित में निरंतर कार्यरत रहेंगे और एक स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देते रहेंगे।


