March 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में फ्लाइएश और कोल परिवहन नियमों की अनदेखी पर आरटीओ की बड़ी कार्रवाई, 25 वाहन चालकों पर चालान

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। जिले में इन दिनों संयंत्रों से राखड़ (फ्लाइएश) और कोयले का परिवहन करने वाले भारी वाहनों की मनमानी से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिना तिरपाल के दौड़ते ये वाहन जहां सड़क पर उड़ते राख और कोयले के कणों से प्रदूषण फैला रहे हैं, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा रहे हैं। इसी को लेकर परिवहन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने सख्त कदम उठाते हुए विशेष अभियान चलाया।

आरटीओ उड़नदस्ता कोरबा प्रभारी संदीप गुप्ता के नेतृत्व में बीते दो दिनों से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में तिरपाल ढंके बिना या अधूरे तिरपाल से ढके भारी वाहनों, ओवरलोड और अन्य नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 25 वाहनों को नियम विरुद्ध पाए जाने पर उन्हें चालान कर कुल ₹21,600 की जुर्माना राशि वसूली गई।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि वे अपने वाहनों को नियमों के अनुरूप तिरपाल से पूरी तरह ढंककर चलाएं, ओवरलोडिंग न करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सभी परिवहन नियमों का पालन करें। इसके अलावा, बिना फिटनेस, बीमा, परमिट के वाहन चलाने वालों, खुले में फ्लाइएश डंप करने वालों तथा सड़क किनारे, दुकानों, ढाबों व नो पार्किंग क्षेत्रों में अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के विरुद्ध भी आगे सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

परिवहन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आम जनता की सुरक्षा और पर्यावरण की रक्षा के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.