March 10, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कांग्रेस लेटरहेड में भाजपा पार्षद के फर्जी दस्तखत और सील का उपयोग, भाजपा ने थाने में की शिकायत

 

कोरबा (कटघोरा)।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ शहर कांग्रेस कमेटी के लेटरहेड पर भारतीय जनता पार्टी के पार्षद के नाम से फर्जी दस्तखत और सील लगाकर पत्र जारी किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस कूटरचना और धोखाधड़ी को लेकर भाजपा पार्षद अजय गर्ग सहित भाजपा मण्डल कटघोरा के पदाधिकारियों ने कटघोरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है और इस फर्जीवाड़े के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 जून 2025 को शहर कांग्रेस कमेटी कटघोरा द्वारा विद्युत मण्डल को एक पत्र जारी किया गया, जिसमें वार्ड क्रमांक 15 की सील और भाजपा पार्षद अजय गर्ग के फर्जी हस्ताक्षर दर्ज थे। जबकि वास्तविकता यह है कि अजय गर्ग भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत जनप्रतिनिधि हैं और किसी अन्य राजनीतिक संगठन के दस्तावेज में उनका नाम, पद अथवा हस्ताक्षर दर्शाया जाना न केवल अनुचित है, बल्कि पूरी तरह से गैरकानूनी और आपराधिक है।

यह पत्र कांग्रेस संगठन के लेटरहेड पर जारी किया गया है, जिसमें कांग्रेस पदाधिकारियों के भी हस्ताक्षर मौजूद हैं। इस फर्जी दस्तावेज का उपयोग सरकारी विभाग में प्रस्तुत कर उसकी प्रति संचार माध्यमों में प्रसारित की गई, जिससे जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि यह कृत्य राजनैतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर किया गया है, जो कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में बेहद निंदनीय और आपराधिक है।

भाजपा की ओर से कटघोरा थाना में इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें संचार माध्यम से प्रसारित फर्जी पत्र की प्रति भी संलग्न की गई है। इस शिकायत को थाना दिवस प्रभारी एवं उप निरीक्षक राम पाण्डेय को सौंपा गया है, जिसमें आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

पार्षद अजय गर्ग ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे न केवल भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं, बल्कि नगर पालिका परिषद कटघोरा के निर्वाचित पार्षद भी हैं, ऐसे में उनके नाम और पद का फर्जी इस्तेमाल करना लोकतंत्र और विधि व्यवस्था के लिए चुनौती है।

इस मौके पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग, जिला मंत्री संजय शर्मा, पूर्व मण्डल अध्यक्ष धन्नू प्रसाद दुबे, वरिष्ठ नेता और वार्ड क्रमांक 06 के पार्षद पवनकुमार अग्रवाल, मण्डल उपाध्यक्ष अजय धनोंदिया, महामंत्री समजीत सिंह, अमित जायसवाल, नवनीत पटेल, मनोज दुबे, गंगा पटेल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता थाना परिसर में मौजूद रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.