“वोकल फॉर लोकल” कार्यक्रम में अशोक मोदी को मिला राष्ट्रीय सम्मान, 400 से अधिक व्यापारियों ने लिया आत्मनिर्भर भारत का संकल्प




एफ.टी.आई.आई. और जे.वी.एम. के संयुक्त आयोजन में जयपुर में हुआ भव्य आयोजन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ जयपुर, राजस्थान। राजधानी जयपुर के प्रतिष्ठित होटल शकुन में “वोकल फॉर लोकल” अभियान को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन एफ.टी.आई.आई. (फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया) एवं जे.वी.एम. (जयपुर व्यापार मंडल) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। यह आयोजन देशभर के व्यापारिक नेतृत्व को एक मंच पर लाने और स्थानीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
इस गरिमामय अवसर पर कोरबा (छत्तीसगढ़) के प्रसिद्ध उद्योगपति, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित कार्यकर्ता तथा एफ.टी.आई.आई. छत्तीसगढ़ के चेयरमेन श्री अशोक मोदी को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित कर विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया। उनके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष श्री सुधीर बंसल को भी सम्मानित किया गया।
श्री अशोक मोदी ने सम्मान प्राप्त कर व्यापार समुदाय के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा –
“एफ.टी.आई.आई. देशभर के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। ‘वोकल फॉर लोकल’ न केवल एक नारा है, बल्कि यह भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल है।”
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री सुनील सिंघवी, जयपुर की सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, तथा एफ.टी.आई.आई. के राष्ट्रीय चेयरमेन डॉ. संजय बंसल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
माननीय सुनील सिंघवी ने “वोकल फॉर लोकल” अभियान को आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ बताते हुए सभी उपस्थित व्यापारियों को स्थानीय उत्पादों को अपनाने, बढ़ावा देने एवं विदेशी वस्तुओं की निर्भरता को कम करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा:
“यदि भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है, तो उसमें व्यापारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमें अपने स्थानीय व्यवसाय को मजबूती देना ही होगा।”
इस प्रेरणादायी आयोजन में देशभर से 400 से अधिक व्यापारीगण एवं पदाधिकारीगण ने भाग लिया तथा भारत के आर्थिक विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
यह आयोजन न केवल व्यापारिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि “लोकल के लिए वोकल” होने के संदेश को राष्ट्रीय मंच पर प्रखरता से रखने का भी माध्यम बना।
निवेदक:
एफ.टी.आई.आई., जयपुर
जयपुर व्यापार मंडल (JVM)


