संकल्प से सिद्धि कार्यशाला सिरमिना मंडल में संपन्न, मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर हुआ विस्तृत संवाद




कोरबा, 13 जून 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ भारतीय जनता पार्टी के “संकल्प से सिद्धि – सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत सिरमिना मंडल में मंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला मंडल अध्यक्ष श्री सोहन कोराम की अध्यक्षता में पंचायत भवन नावापारा में संपन्न हुई।
कार्यशाला में प्रमुख वक्ता के रूप में पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री प्रहलाद बिंझवार ने मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने बताया कि बीते 11 वर्षों में शताधिक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गईं, जिनसे देश की दिशा और दशा दोनों में सकारात्मक परिवर्तन आया है। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर कर सामने आया है।

श्री बिंझवार ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि मोदी सरकार की उपलब्धियों एवं छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के विकास कार्यों को लेकर कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाना है। उन्होंने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंडल स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की, जिसमें सभी बूथों पर योग दिवस मनाया जाएगा।
कार्यक्रम के पश्चात “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान की एक प्रेरणादायी पहल है।

कार्यशाला में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
पूर्व मंडल अध्यक्ष रवि मरकाम, उपाध्यक्ष राम बिलास, कोषाध्यक्ष लालजी पांडेय, रामलाल साहू, संजय पुलस्त, घुरन दास, भोला सिदार, मंदराज, अमरसाय (बूथ अध्यक्ष), विकास जयसवाल, रामेश गोपाल, ईश्वर सिंह, राजेश सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता।
इस कार्यशाला से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ और सभी ने संकल्प लिया कि वे जनसेवा और संगठन विस्तार हेतु निरंतर सक्रिय रहेंगे।


